लुधियाना। मनजीत सिंह नगर में विदेश से डिपोर्ट होने के कारण परेशान रह रहे युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनजीत सिंह नगर के 33 वर्षीय सुनील कुमार के रुप में हुई है। सूचना मिलने के तुरंत बाद थाना सलेम टाबरी की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ए.एस.आई. प्रेम चंद ने बताया कि सुनील कुमार कुछ महीने पहले ही मलेशिया से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था। विदेश से इस तरह वापस भेजे जाने के कारण वह गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा था। सुनील के परिवार के सदस्यों ने भी पुलिस को दिए बयानों में इस बात की पुष्टि की है कि वह घर लौटने के बाद से ही काफी परेशान और गुमसुम रहता था। मृतक के भाई अश्वनी कुमार ने पुलिस को बताया कि सुनील कुमार गुरुवार की रात सामान्य रूप से अपने कमरे में सोने के लिए गया था और उसने अंदर से कुंडी लगा ली थी। शुक्रवार सुबह काफी देर तक जब सुनील ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला और न ही कोई आवाज दी, तो परिवार को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। जब परिजनों ने मिलकर कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सुनील कमरे में छत से रस्सी का फंदा बनाकर उस पर लटका हुआ था।
In-Ludhiana-A-Young-Man-Upset-Over-Being-Deported-From-Abroad-Committed-Suicide-By-Hanging-Himself