लुधियाना। लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र में देर रात एक घर पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने घर के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया। हमलावरों ने गेट पर कई राउंड फायर किए, जिससे गेट क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह, थाना हठूर के एसएचओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की जांच फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न पहलुओं से की जा रही है। मानुके गांव निवासी पीड़ित प्रगट सिंह ने बताया कि यह घटना रात करीब साढ़े 12 बजे हुई। कुछ अज्ञात हमलावर उनके घर के बाहर पहुंचे और मुख्य गेट को निशाना बनाकर 4 से 5 राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य सहम गए और अपनी सुरक्षा के लिए घर के अंदर ही रहे। आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात किसी पुरानी निजी रंजिश का परिणाम हो सकती है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Shots-Fired-At-A-House-In-Ludhiana-Attackers-Fired-Multiple-Rounds-Police-Investigating-From-The-Angle-Of-A-Personal-Enmity