जालंधर के स्काइलार्क चौक पर दो कारों में टक्कर के बाद भारी हंगामा हो गया। टक्कर के बाद कार ड्राइवर ने दूसरी गाड़ी में सवार महिला क्रिकेट खिलाड़ी के साथ बदसलूकी की और उसे मुक्का मार दिया। इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों और राहगीरों ने युवक को घेर लिया और उसकी कार पर हमला कर दिया। हंगामे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची थाना 4 की पुलिस ने बड़ी मशक्कत से स्थिति को संभाला। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर चल रही दो कारों के बीच अचानक टक्कर हो गई, जिससे दोनों गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
चश्मदीदों का कहना है कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार से उतरे युवक ने बहसबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने दूसरी कार में सवार महिला क्रिकेट खिलाड़ी के साथ हाथापाई कर दी। आरोप है कि तैश में आकर युवक ने महिला खिलाड़ी के चेहरे पर मुक्का जड़ दिया।
सूचना मिलते ही थाना 4 की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। आरोपी युवक को भीड़ के गुस्से से बचाने के लिए पुलिसकर्मी खुद उसकी कार में बैठ गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को पीछे हटाया और दोनों कार चालकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Uproar-In-Jalandhar-Following-A-Collision-Between-Two-Cars-Female-Athlete-Alleges-She-Was-Punched-In-The-Face-A-Crowd-Surrounded-The-Young-Man-And-Attacked-The-Vehicle