नई दिल्ली। देश में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब एक बड़ा मामला सामने आया है जहां पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के बेटे और पंजाब से पूर्व राज्यसभा सदस्स्य नरेश गुजराल साइबर ठगों का शिकार हो गए हैं। शातिर स्कैमर्स ने एक ऑनलाइन मैसेजिंग ऐप पर नरेश गुजराल का फर्जी अकाउंट बनाकर उनके वित्तीय कर्मचारियों को झांसे में लिया और कंपनी के खाते से 7.8 करोड़ ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने इस संबंध में मंगलवार को एक ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगी की यह वारदात 12 जून से 16 जून के बीच अंजाम दी गई। जालसाजों ने एक मैसेजिंग ऐप पर नरेश गुजराल की डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) लगाकर हूबहू उनके जैसा दिखने वाला प्रोफाइल बनाया। ठगों ने गुजराल बनकर उनके एक ऐसे कर्मचारी को मैसेज भेजा, जिसके पास कंपनी के वित्तीय लेन-देन का एक्सेस था। मैसेज में 'आपातकालीन बिजनेस डील' का हवाला देते हुए तुरंत आरटीजीएस के जरिए पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया। अपने बॉस का आदेश समझकर कर्मचारी ने बिना किसी शक के चार दिनों के भीतर चार अलग-अलग आरटीजीएस ट्रांजक्शन किए, जिससे कुल 7.8 करोड़ रुपये ठगों के बताए खातों में चले गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4.28 लाख रुपए फ्रीज करा दिए।
Cyber-fraud-Targets-Former-Indian-Prime-Ministers-Son-He-Loses-7-8-Crore-Police-Take-Immediate-Action