लुधियाना। लुधियाना के कस्बा जगराओं के गांव पब्बियां में आवारा कुत्तों के हमले से एक मजदूर की मौत हो गई। गुरुवार सुबह खेत में मजदूर का शव मिला। उसके शरीर पर कुत्तों के काटे जाने के निशान मिले। मृतक बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला है और धान की रोपाई के लिए जगराओं आया था। मृतक की पहचान रमेश मंडल निवासी बिहार के रूप में हुई है। वह हर साल की तरह इस बार भी गांव पब्बियां के किसान हरबंस सिंह के खेतों में धान की रोपाई के लिए अपने साथियों के साथ आया था। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात रमेश और उसके साथी खेत में बने मोटर कमरे की छत पर सो रहे थे। देर रात रमेश के मोबाइल पर फोन आया। वह बात करने के लिए नीचे उतरकर खेतों की ओर चला गया। इसी दौरान पास की हड्डा रोड़ी के आसपास घूम रहे करीब 12-13 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रमेश ने खुद को बचाने का प्रयास किया और मदद के लिए चिल्लाया। हालांकि, दिनभर काम करने के कारण उसके साथी गहरी नींद में थे और उसकी आवाज नहीं सुन पाए। कुत्तों ने उसकी गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों को नोच डाला, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मजदूरों ने खेत में पड़ा देखा शव
गुरुवार सुबह जब साथी मजदूर उठे, तो उन्होंने खेत में रमेश का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। चौकी चौकीमान के प्रभारी सुखमंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर धारा 194 बीएनएस के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर गहरा गुस्सा है।
Stray-Dogs-Mauled-A-Laborer-To-Death-In-Ludhiana-The-Body-Found-In-A-Field-Bore-Teeth-Marks