लुधियाना। लुधियाना के हेरां गांव में बुधवार देर रात एक बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। गांव के बीच लगे इस ट्रांसफार्मर से ऊंची लपटें उठने लगीं और काला धुआं फैल गया। इससे ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर में धमाके की आशंका के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, जगराओं और मुल्लांपुर दाखा से दमकल की गाड़ियां करीब दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचीं। इस देरी को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले गांव के युवाओं ने आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोकने के लिए अपने स्तर पर प्रयास किए। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने रात करीब 12 बजे के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप
आग लगने से ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी के बीच ग्रामीणों को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
घटना की जांच कराने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और नुकसान भी कम होता। उन्होंने प्रशासन से घटना की जांच कराने, फायर ब्रिगेड की देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
Fire-Breaks-Out-In-An-Electricity-Transformer-In-Ludhiana-Towering-Flames-Erupt-Rapidly-While-The-Fire-Brigade-Team-Arrives-After-Two-Hours