नो पार्किंग में खड़े ओवरलोड ट्रक में टकराया ई-रिक्शा, सरिया गर्दन से आरपा होने पर मौत
Oct9,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। फोकल पॉइंट के अंतर्गत मेट्रो रोड पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में गैर-कानूनी तरीके से खड़े एक ओवरलोड ट्रक से ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक से बाहर निकले लोहे के सरिये ई-रिक्शा चालक की गर्दन के आर-पार हो गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक पांडे के रूप में हुई है। मृतक के भाई प्रिंस ने रुंधे गले से बताया कि दीपक ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पालता था। वह अपने पीछे दो छोटी बेटियां और परिवार छोड़ गया है। घर में अकेला वही कमाने वाला सदस्य था, जिसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों ने आरोप लगाया कि सड़क पर नो-पार्किंग में खड़ा ओवरलोड ट्रक ही इस जानलेवा हादसे की मुख्य वजह बना। ट्रक की बॉडी से बाहर निकले लोहे के सरियों के कारण दीपक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भी रोष है और उन्होंने सड़कों पर गलत तरीके से खड़े भारी वाहनों व ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसएचओ इंस्पेक्टर कुलबीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ओवरलोड ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
E-Rickshaw-Crashes-Into-Overloaded-Truck-Parked-In-A-No-Parking-Zone-Man-Dies-After-Iron-Rod-Pierces-Through-His-Neck