खन्ना। खन्ना कस्बे में एएस कॉलेज में गोलियां चलाने और रिलायंस कंपनी के पेट्रोल पंप को लूटने वाले युवक लुधियाना के रहने वाले हैं। फायरिंग में कॉलेज का एक कर्मचारी घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। बदमाशों ने मौके पर ही 5 से 6 गोलियां चलाईं। इस मामले में पुलिस ने अजय सिंह नामक छात्र को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक अजय ने पुलिस हिरासत में खुलासा किया है कि गोलियां चलाने वाले दोनों युवक लुधियाना के रहने वाले हैं। कल शाम खन्ना पुलिस लुधियाना पहुंची। पुलिस ने दरेसी, खुड्ड मोहल्ला, चंडीगढ़ रोड और हैबोवाल इलाकों में छापेमारी की। दोनों बदमाश नहीं मिले तो पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। दोनों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एक युवक 6 अप्रैल को ही जेल से बाहर आया है। खन्ना पुलिस ने जब एएस कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र अजय सिंह को पकड़ा तो उसने कबूल किया कि उसने लुधियाना से अपने दो दोस्तों को बुलाया था। अब खन्ना पुलिस फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए जिला पुलिस की भी मदद ले रही है। कई इलाकों के सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं। बदमाश ग्रे रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर भागे। रास्ते में उन्होंने कार में पेट्रोल भरा और पेट्रोल पंप कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट कर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एएस कॉलेज में एडमिशन लेने आए छात्र-छात्राएं इस दौरान दो गुटों में झगड़ा हो गया। एक गुट अपने बाहरी दोस्तों के साथ मौके पर मौजूद था। उनके पास ग्रे रंग की स्विफ्ट कार थी। कार से निकले कुछ युवकों ने हमला कर दिया और फायरिंग की गई।
इस दौरान कॉलेज गेट पर अफरातफरी मच गई। एक कर्मचारी ने आकर देखा तो उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद हमलावर भाग गए। घायल कॉलेज कर्मचारी हुसन लाल को सिविल अस्पताल खन्ना में भर्ती कराया गया। कॉलेज में फायरिंग करने के बाद कार सवार आरोपियों ने बरधालान के पास पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराया। वहां पर भी पैसों को लेकर झगड़ा हुआ। वहां पर भी उन्होंने पंप कर्मचारी को गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट की और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी समराला की तरफ भागे।
Ludhianas-Youth-Had-Organized-Gang-War-In-Khannas-College-Later-Looted-The-Petrol-Pump