लुधियाना। जगराओं कस्बे के रायकोट रोड में मंगलवार सुबह प्राइवेट स्कूल की बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने जाम लगा दिया। पुलिस ने ड्राइवर चमकौर सिंह को हिरासत में लिया है। ग्रामीण स्कूल मैनेजमेंट को भी गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। जगराओं सिटी थाना पुलिस ने शिकायत पर स्कूल प्रिंसिपल, चेयरमैन और ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 281, 125 (a), 125 (b), 61 (2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान अखाड़ा गांव के रहने वाले गुरमन सिंह (7) के रूप में हुई है। गुरमन के पिता सतनाम सिंह ट्रैक्टर के मैकेनिक हैं। गुरमन उनका इकलौता बेटा था। घायलों में आकाशदीप कौर, सुखमन सिंह, गुरलीन कौर, अर्शदीप कौर और गुरसाहिब सिंह शामिल हैं। पांचों घायलों का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक सन्मति विमल जैन स्कूल की बस रायकोट रोड पर पड़ने वाले अखाड़ा गांव से छात्रों को लेकर स्कूल की तरफ जा रही थी। बस में करीब 25-30 छात्र सवार थे। सुबह करीब साढ़े 7 बजे बस अचानक पेड़ से टकरा गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बस के अंदर बच्चे दर्द से चीख रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला। एक बच्चे की मौत हो चुकी थी। बाकी घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस की टीमें और बच्चों के पेरेंट्स भी पहुंच गए। गुरमन का सिर का एक हिस्सा शरीर से अलग हो चुका था। माता-पिता बेटे का शव देखकर बेसुध हो गए।
ग्रामीणों ने रायकोट रोड पर जाम लगा दिया। उनका कहना है कि जब तक आरोपी ड्राइवर पकड़ा नहीं जाता, वे शव नहीं उठाने देंगे। सड़क पर काफी लंबा जाम लगा हुआ है। ग्रामीण गुरसंत सिंह ने आरोप लगाया कि बस का ड्राइवर नशे में था। वह तेज स्पीड में बस चला रहा था। अनियंत्रित होकर बस पेड़ से टकराई है। अभी तक स्कूल मैनेजमेंट के लोग घटनास्थल पर पहुंचे हैं और न ही घायलों बच्चों का हाल जानने के लिए अस्पताल में गए हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
School-Bus-Collides-With-Tree-In-Punjab-Student-Killed-5-Seriously-Injured-Angry-People-Blocked-The-Road-Demanding-Arrest-Of-School-Management