खन्ना | गढ़ी नहर पुल पर एक स्कूल मालिक पर फायरिंग कर दी गई। जिससे फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार स्कूल मालिक की गर्दन पर गोली लग गई। फायरिंग के बाद आई-20 कार में सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल बलदेव सिंह निवासी चंडीगढ़ को सिविल अस्पताल समराला भर्ती कराया गया। वहां फर्स्ट एड देने के बाद उन्हें सेक्टर-32 चंडीगढ़ के सिविल अस्पताल रेफर किया गया।
बलदेव सिंह का समराला में एक नामी प्राइवेट स्कूल है। वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में माछीवाड़ा साहिब से समराला आ रहे थे। गढ़ी नहर पुल पर पीछे आ रही आई-20 कार से फायरिंग हुई। फॉर्च्यूनर गाड़ी में पिछली सीट पर बैठे बलदेव सिंह के मोबाइल पर गोली लगने के बाद गर्दन में लगी। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया। वारदात की सूचना मिलने के बाद एसपी (आई) सौरव जिंदल अपनी टीम समेत मौके पर पहुंचे। माछीवाड़ा साहिब, समराला और सीआईए स्टाफ की टीमें जांच में जुट गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी ने कहा कि घायल बलदेव सिंह के बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर होगी और पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग क्यों की गई।
Firing-On-School-Owner-Seriously-Injured-After-Being-Shot-In-The-Neck-I-20-Car-Riders-Fired-Bullets-Referred-To-Chandigarh