पंजाब। किसान नेता जगजीत डल्लेवाल को पंजाब पुलिस के हिरासत में लिए जाने का मामला गरमा गया है। हरियाणा के किसान भी खनौरी बॉर्डर पर जुटने लगे हैं। डल्लेवाल को मंगलवार सुबह पुलिस खनौरी बॉर्डर से उठाकर ले गई थी। अभी तक उनकी सेहत को लेकर कोई औपचारिक बयान नहीं आया है। इस बीच खनौरी बॉर्डर पर किसानों और पुलिस की मीटिंग शुरू हो गई है। मीटिंग के लिए पंजाब पुलिस के DIG मनजीत सिंह संधू, पटियाला SSP नानक सिंह और इंटेलिजेंस के अधिकारी पहुंचे हैं। सरकार की कोशिश यही है कि किसी तरह इस भूख हड़ताल को खत्म करवाया जा सके। इससे पहले खनौरी बॉर्डर पर किसान नेताओं ने डल्लेवाल को छुड़ाने के लिए रणनीति बनाई। अब शाम को किसान नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रणनीति का खुलासा करेंगे। वहीं हरियाणा BJP के अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने दिल्ली कूच पर कहा कि यह किसानों का फैसला है। किसानों को दिल्ली जाना चाहिए। दिल्ली किसानों की है। दिल्ली में भी किसान हैं।
केंद्र का स्पष्टीकरण, उनका हाथ नहीं
उधर, किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा- केंद्र सरकार ने स्पष्टीकरण दिया है कि ये उनका हाथ नहीं है। अब पंजाब सरकार अपनी स्थिति साफ करे। सीएम भगवंत मान जबाब दें। एक सांसद डल्लेवाल से मिलने गए, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। हमें नजर आ रहा है कि दाल में कुछ काला है। किसान नेता सुखजीत सिंह हरदो झंडे ने मरणव्रत शुरू किया है सरकार डल्लेवाल को बांधकर, उनके नाक में नली लगाकर खुराक दे रही होगी, क्योंकि उन्होंने खुद कह रखा है कि मैं कुछ खाऊंगा-पिऊंगा नहीं। उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में न अस्पताल बता रहा है और न ही कोई सरकार का प्रवक्ता बता रहा है। यह मानव अधिकारों का उल्लंघन है। जिस तरह के हालात पैदा किए जा रहे हैं, वह टकराव वाले हैं। इसी के साथ हम लगातार पूरे पंजाब में तैयारी कर रहे हैं। मोर्चे से अन्य नेताओं को उठाया जा सकता है। ऐसे में अधिक से अधिक संख्या में लोग मोर्चों पर पहुंचे।
Farmers-Started-Gathering-At-Khanauri-Border-Accused-Of-Keeping-Dallewal-In-Illegal-Custody-Pandher-Said-Are-They-Giving-Dose-To-Dallewal-With-A-Tube-In-His-Nose