पंजाब। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के सीएम भगवंत मान ने दिल्ली में जिन-जिन सीटों पर प्रचार किया, उन सभी पर पार्टी हार गई। सीएम भगवंत मान ने यहां 12 सीटों पर प्रचार किया था। जिनमें पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की सीट भी शामिल थी। हालांकि ये दोनों भी चुनाव हार गए। वहीं पंजाब विधानसभा में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में दावा किया कि अब अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इसके लिए उन्होंने पंजाब में आप के प्रधान और मंत्री अमन अरोड़ा के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें अरोड़ा ने कहा था कि कोई हिंदू भी पंजाब का मुख्यमंत्री बन सकता है। सीएम पद को हिंदू और सिख चेहरे के बजाय, सरकार चलाने की क्षमता के हिसाब से देखा जाना चाहिए। बाजवा ने दावा किया कि लुधियाना में इनकी पार्टी के एक विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद विधानसभा सीट भी खाली पड़ी है। बाजवा ने कहा कि इस दांव के बाद सीएम मान और दूसरे ग्रुप के समर्थकों के बीच आंतरिक टकराव हो सकता है। हालांकि आप ने उनके दावे को लेकर अभी कोई बयान नहीं दिया है।
CM मान के अलावा पंजाब प्रधान भी पार्टी को नहीं जिता पाए
दिल्ली के बाद पंजाब में ही AAP की सरकार बनी। इसलिए दिल्ली को बचाने के लिए पंजाब के AAP नेताओं ने भी पूरी ताकत झोंक दी थी। सीएम भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली और मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र जंगपुरा के अलावा शकूर बस्ती, आदर्श नगर, पालम, जनकपुरी, द्वारका, मादीपुर, रोहतास नगर, कस्तूरबा नगर, विकासपुरी, विश्वास नगर में प्रचार किया था। सब जगह AAP चुनाव हार गई। पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा भी दिल्ली में अपनी पार्टी के लिए कोई सीट नहीं जीत पाए। अमन अरोड़ा ने केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली के साथ-साथ नजफगढ़ में भी प्रचार किया था। लेकिन पार्टी दोनों सीटों पर हार गई।
Delhi-Elections-Aap-Lost-All-12-Seats-On-Manns-Campaign-Congress-Legislature-Party-Leader-Said-Kejriwal-Will-Now-Become-The-Chief-Minister-Of-Punjab