लुधियाना में भी अब आपको यूरोप के तर्ज पर सड़कें दिखाई देगी। पंजाब सरकार की ओर से लुधियाना की तीन सड़कों को यूरोपीय शैली में बनाने की मंजूरी दी है। यह जानकारी आज लुधियाना वेस्ट विधानसभा से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी । इस अवसर पर उनके साथ लुधियाना नॉर्थ के विधायक मदन लाल बग्गा और लुधियाना सेंट्रल के विधायक अशोक पराशर पप्पी और लुधियाना आत्म नगर के विधायक सरदार कुलवंत सिंह सिद्धू भी मौजूद थे। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से इस योजना के तहत सबसे पहले तीन शहरों को लिया गया है । इन में लुधियाना अमृतसर और जालंधर शामिल है। उन्होंने बताया कि इस योजना को तीन शहरों में लागू करने के बाद पूरे पंजाब भर के अन्य शहरों में भी लागू किया जाएगा। संजीव अरोड़ा ने बताया कि लुधियाना में इस योजना के तहत तीन सड़कों को लिया गया है और करीब 12 किलोमीटर लंबी इन तीन सड़कों को वर्ल्ड क्लास स्तर पर तैयार किया जाएगा। जहां पर साइकिल ट्रैक, बस स्टॉपेज, साइड बैंच और सेंट्रल वर्ज पर बेहतरीन लैंड स्कैपिंग भी देखने को मिलेगा। इसके साथ-साथ इन सड़कों पर लोगों को पैदल चलने की भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि लुधियाना की इन तीन सड़कों में सबसे पहली सड़क जगराओं पुल से लेकर शेरपुर चौक की सड़क है। जिसकी लंबाई करीब 6.50 किलोमीटर है और दूसरी सड़क फव्वारा चौक से लेकर आरती चौक तक करीब 4.50किलोमीटर लंबी सड़क इसमें शामिल है । जबकि तीसरी सड़क लुधियाना घंटाघर से लेकर चौड़ा बाजार वाली सड़क है, जो करीब पौने दो किलोमीटर लंबी है। संजीव अरोड़ा ने कहा कि कुछ एक सड़क में कम चौड़ाई के चलते साइकिल ट्रैक जैसी व्यवस्था नहीं रहेगी, लेकिन फिर भी कोशिश रहेगी कि इसमें अन्य तमाम तरह की सुविधा दी जाएं । उन्होंने बताया कि यह तीनों सड़कों को तोड़कर तैयार किया जाएगा और 10 साल के मेंटेनेंस के ठेके के साथ इनका वर्क आर्डर जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत बेहतर सड़क बनाने को नेशनल और इंटर नेशनल स्तर के आर्किटेक्ट से करार किया जाएगा ।
Three-Roads-Of-The-City-Will-Be-Built-On-The-Lines-Of-Europe-10-Years-Maintenance-Contract-Will-Be-Included-Mp-Sanjeev-Arora