लुधियाना। मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को लुधियाना पहुंचे। हालांकि इससे पहले उनका दो बार शहर का दौरा टल गया था। इस दौरान सीएम मान ने हलका नार्थ में बने स्पोर्ट्स पार्क, अंबेडकर भवन और चांद सिनेमा ओवरब्रिज सहित कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। स्पोर्ट्स कॉम्पेलेक्स के उद्घाटन के बाद उन्होंने खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट भी खेली। सीएम मान ने स्पोर्ट्स पार्क में खेलते हुए बैटिंग की। मान क्रिकेट प्रेमियों से भी मिले। उनके साथ विशेष रूप में मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, विधायक मदन लाल बग्गा, विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू, विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल मौजूद रहे। मुख्यमंत्री मान के साथ नॉर्थ हलके के वर्करों ने भी मुलाकात की। लोगों ने इलाके में हो रहे विकास कार्यों और रुके हुए कार्यों को लेकर सीएम से बातचीत की। डॉ. अंबेडकर भवन में पहुंचने पर मुख्यमंत्री मान को सम्मानित भी किया गया। मान ने कहा कि अंबेडकर भवन बहुत सुंदर बनाया गया है। अमेरिका, कनाडा में जिस तरह भवन तैयार होते हैं, उसी तरह यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है।
Cm-Bhagwant-Mann-Reached-Ludhiana-Inaugurated-The-Sports-Park-Of-Halka-North-Chand-Cinema-Overbridge