नई दिल्ली। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकाल दिया है। लालू ने इसकी जानकारी फेसबुक पर पोस्ट करके दी। तेजप्रताप यादव के एक महिला के साथ फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें वह एक लड़की के साथ दिख रहे हैं। यूजर्स तेजप्रताप की दूसरी शादी का दावा कर रहे हैं। लालू प्रसाद ने लिखा- 'निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।'
तेजस्वी यादव बोले- बड़े भाई के निजी फैसलों पर सवाल नहीं
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि वह ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं करते और उनकी पार्टी बिहार की जनता के लिए पूरी मेहनत से काम कर रही है। अगर बात मेरे बड़े भाई की है तो राजनीतिक जीवन और व्यक्तिगत जीवन अलग-अलग होते हैं। उन्हें अपने निजी फैसले लेने का पूरा हक है। वह स्वतंत्र हैं। हमारी पार्टी के अध्यक्ष ने इस बारे में अपनी भावना स्पष्ट कर दी है और जबसे उन्होंने ऐसा कहा है, वो उनकी व्यक्तिगत भावना है। हम लोगों ने इस तरह की बातों पर कोई सवाल नहीं उठाया। कोई अपनी निजी जिंदगी में क्या कर रहा है, ये किसी से पूछकर नहीं करता। मुझे भी इस बारे में मीडिया के जरिए ही जानकारी मिली है।
Lalu-Expelled-Son-Tej-Pratap-From-The-Party-And-Family-Said-Elder-Sons-Act-Is-Irresponsible-Yesterday-His-Post-With-The-Woman-Went-Viral