पंजाब। पंजाब में आय से अधिक संपत्ति केस में पकड़े गए पूर्व मंत्री व सीनियर अकाली नेता बिक्रम मजीठिया की रिमांड बढ़ा दी गई है। विजिलेंस ने मोहाली कोर्ट में बताया कि जांच के दौरान कई अहम सवालों पर मजीठिया सहयोग नहीं कर रहे हैं। एजेंसी का कहना है कि उन्हें अब पंजाब से बाहर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर ले जाकर भी पूछताछ करनी पड़ सकती है। इस केस पर सुनवाई करीब 4 घंटे चली, जिसके बाद कोर्ट ने चार दिन की रिमांड मंजूर कर ली। अब मजीठिया को 6 जुलाई को फिर पेश किया जाएगा। इससे पहले कोर्ट में पेशी के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था। मजीठिया की गिरफ्तारी के विरोध में अकाली दल के प्रधान व पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर बादल समर्थकों संग मोहाली पहुंच गए। कोर्ट की तरफ आते देख पुलिस ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान सुखबीर बादल और पंजाब पुलिस के अधिकारियों से जमकर बहस हुई। पुलिस ने उन्हें कहा कि सुरक्षा कारणों की वजह से वह कोर्ट की तरफ नहीं जा सकते। इसके बाद अकाली वर्कर भड़क उठे। बादल ने इस दौरान आरोप लगाए कि पंजाब के पूरे तंत्र को अरविंद केजरीवाल ने अपने कब्जे में ले लिया है। सब कुछ उनके इशारों पर ही हो रहा है।
बता दें कि मजीठिया को अमृतसर स्थित उनके घर से पकड़ा गया था। उन पर आय से 540 करोड़ रुपए ज्यादा की संपत्ति रखने का आरोप है। विजिलेंस को गिरफ्तारी के बाद मजीठिया की 7 दिन की रिमांड मिली थी। इसके बाद आज उन्हें फिर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। विजिलेंस ने कहा कि मजीठिया सहयोग नहीं कर रहे, इसलिए उनकी और रिमांड दी जाए।
केजरीवाल ने पूरे पंजाब पर कब्जा किया
सुखबीर बादल ने पुलिस हिरासत से वीडियो जारी कर कहा- पंजाब की जनता से मैं आग्रह करना चाहता हूं कि पूरे पंजाब पर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कब्जा कर लिया है। अकाली दल और उनके वर्करों से केजरीवाल इतना डर गए हैं कि शहरों और गांवों में अकाली दल नेताओं को उन्हें के घरों में कैद करके रखा गया।
पंजाब से केजरीवाल 10 हजार करोड़ इकट्ठा करना चाहते हैं
सुखबीर बादल ने आगे कहा- पंजाब के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारियों को छीनने की कोशिश की जा रही है। पंजाबियों को बताना चाहता हूं कि हम लोगों को इकट्ठा होना पड़ेगा और केजरीवाल से पंजाब को आजाद करना है। बादल ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल का टारगेट है कि आने वाले 1.5 साल में 10 हजार करोड़ रुपए इकट्ठा करना चाहते हैं। मगर हम अकाली दल के वर्कर ऐसा नहीं होने देंगे।
Akali-Leader-Majithias-Remand-Extended-By-4-Days-Former-Deputy-Cm-Badal-Reached-Mohali-For-Appearance-In-Police-Custody-Said-Kejriwal-Captured-Punjab