मोहाली। मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रेस कॉन्फ्रेंस के जवाब में पंजाब भाजपा ने शनिवार को बयान जारी किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब में लगाए जा रहे कैंपों के मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने रिपोर्ट मांगी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया कि सीएम भगवंत मान नहीं, बल्कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के कहने पर भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यह कैंप गरीबों की मदद के लिए आयोजित किए गए थे, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार न तो गरीबों के लिए खुद कुछ करना चाहती है और न ही किसी और को करने देती है। जाखड़ ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा पर लगाए गए डेटा चोरी के आरोप पूरी तरह गलत हैं। उनका कहना था कि इन कैंपों का मकसद सिर्फ लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देना था, ताकि वे उनका लाभ उठा सकें।
पुलिस के बाद मंत्री हुए गर्म
सुनील जाखड़ ने कहा कि पुलिस ने सरकार को डेटा चोरी होने व एफआईआर करने की बात कही। जिसके बाद सभी मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा गर्म हो गए। सभी आरोप लगाने लगे कि डाटा चोरी हो रहा है। जाखड़ ने जानकारी दी कि पीएमओ, केंद्र सरकार और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नेताओं व कार्यकर्ताओं पर किसी भी तरह की ज्यादती का गंभीरता से संज्ञान लेता है और इस मामले में भी रिपोर्ट मांगी गई है। जाखड़ ने कहा कि हम डरने वाले नहीं है। सभी 117 हलकों में यह कैंप लगाएंगे। कल, रविवार को भी वह 10 जगहों पर कैंप लगाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए वह यह कैंप लगा रहे हैं, जिसमें आयुष्मान, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, ई श्रम के अलावा अन्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत अब तक 56 हजार लोगों के कार्ड बनवा चुके हैं, जो राज्य सरकार की अनदेखी के कारण इन योजनाओं का लाभ लेने से वंचित थे।
Punjab-Bjp-Hits-Back-At-Aap-Government-Sunil-Jakhar-Said-Pmo-Sought-Report-On-Camps-Allegation-Of-Data-Theft-Is-Baseless