यशपाल शर्मा, लुधियाना
हैबोवाल कलां जोशी नगर में सेम नाले की जमीन को कब्जा कर बनी दुकानों को नगर निगम डी जोन की बिल्डिंग ब्रांच की ओर से सील कर दिया गया। इन दुकानों को लेकर निगम में शिकायत की गई थी, ये दुकानें सेम नाले की जमीन को कब्जा कर बनाई गई हैं। आपको बता दें कि जहां पर ये दुकानें बनी हैं, उसके ठीक आगे सेम नाला (बरसाती नाले की जमीन) की जगह है अैर यहां पर लंबे समय से कुछ दुकानदार इस जगह को कब्जा कर अपनी प्रॉपर्टी का हिस्सा बनाना चाहते हैं। कईं साल पहले भी नगर निगम ने इसी जगह पर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को तोड़ दिया था। लेकिन हैरानी की बात है कि नगर निगम की ओर से फिलहाल इन दुकानों को सील किया गया है, जबकि मौके पर जितना सरकारी जमीन का हिस्सा कब्जाया गया था, उससे तोड़ना बनता था। इस बारे में इंस्पेक्टर सूरत सिंह ने बताया कि फिलहाल इन दुकानों को सील किया गया है और इसके बाद सरकारी जमीन के हिस्से से कब्जा हटाने को इन पर कार्रवाई भी की जाएगी। आपको बता दें कि इस सरकारी जमीन पर बनाए कुछ हिस्से को निगम ने तोड़ा भी था और लंबे समय से ये जगह जैसे की तैसे पड़ी थी। लेकिन पिछले करीब तीन महीनों से सरकारी जमीन के कुछ हिस्से को कब्जा कर इस पर दुकानें बना डाली गई और शटर लगा दिए गए।
Shops-Built-By-Encroaching-On-Semnala-Land-In-Haibowal-Have-Been-Sealed