चंडीगढ। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस्तीफा मांगे जाने पर सफाई दी है। तरनतारन उपचुनाव में पार्टी की जमानत जब्त होने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी छुट्टी हो सकती है। वड़िंग चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस मामले में राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी ने उनसे कभी इस्तीफा नहीं मांगा। वड़िंग ने कहा कि हमारे यहां इस्तीफा नहीं मांगा जाता, बल्कि नए अध्यक्ष का ऐलान करती है। अगर पार्टी कभी इस बारे में बात करती है तो सबसे पहले मैं इसका ऐलान कर दूंगा। मैं इस बात को नहीं छुपाऊंगा। इस्तीफे की खबरों के लिए वड़िंग ने कहा कि सरकार के कहने पर गलत प्रचार किया जा रहा है। बता दें कि राजा वड़िंग की उपचुनाव में परफॉर्मेंस देख अंदरखाते इस बात की चर्चा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजा वड़िंग की छुट्टी हो सकती है। यही वजह है कि पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी लगातार यह जाहिर कर रहे हैं कि पंजाब में वही कांग्रेस को एकजुट कर सकते हैं। कांग्रेस सोर्सेज के मुताबिक नेता चाहते हैं कि उनके पास पार्टी की कमान रहे ताकि अगर सरकार बनी तो CM बनने का दावा मजबूत रहे।
पुलिस तंत्र-गैंगस्टरों का इस्तेमाल कर रही पंजाब सरकार
वड़िंग ने कहा कि AAP की तरफ से सत्ता बचाने के लिए गैंगस्टरों को संरक्षण देकर पंजाब को अराजकता और खून-खराबे की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने सरकार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए इस तरह की खतरनाक राजनीति राज्य के लिए विनाशकारी साबित होगी। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि प्रदेश में कई पुलिस अधिकारी पूरी तरह से सत्ताधारी पार्टी के “समर्थक” बन चुके हैं। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “जो अधिकारी सत्ता के इशारे पर विपक्ष को कुचलने का काम कर रहे हैं, हम न तो उन्हें भूलेंगे और न ही माफ करेंगे। सरकार बदलने के बाद ऐसे सभी अधिकारियों को कानून के तहत जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कई SSP, DSP, थाना प्रभारी और पुलिस चौकी इंचार्ज अब केवल AAP की भाषा बोल रहे हैं, जिससे राज्य का कानून-व्यवस्था तंत्र पूरी तरह चरमरा गया है।
Politics-Intensifies-Over-Raja-Warrings-Resignation-Warring-Said-Congress-Did-Not-Ask-For-My-Resignation-We-Dont-Ask-For-Resignations-Here-The-New-President-Is-Announced-Directly-I-Wont-Hide-It