लुधिय़ाना में कूड़े के ढेर से मिली चार बच्चों की मां की लाश, नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका
Sep15,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। दुगरी इलाके में शनिवार को एक 32 वर्षीय महिला का शव खाली प्लॉट में कूड़े के ढेर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव की हालत बेहद खराब थी। लोगों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान आशा, निवासी दाना मंडी स्थित अरोड़ा पैलेस इलाके के रूप में हुई है। उसकी बहन भारती ने बताया कि आशा शनिवार सुबह घर से निकली थी। दोपहर करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि आशा जैसी दिखने वाली एक महिला का शव खाली प्लॉट कूड़े के ढेर में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। भारती के मुताबिक आशा ने ज्यादा पढ़ाई नहीं की थी और वह कोई काम भी नहीं करती थी। वह लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आशा की चार साल की बेटी भी है। बहन ने बताया कि परिवार की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी।
पोस्टमार्टम में अधिक नशे से मौत की आशंका
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर आशा की मौत अधिक मात्रा में नशा करने के कारण होने की आशंका जताई है। हालांकि मौत की असली वजह की पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी। डॉक्टरों ने शव से केमिकल/सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। डॉक्टरों के अनुसार शव की हालत काफी खराब थी और शरीर को जानवरों ने बुरी तरह नोचा हुआ था। इससे शव के काफी समय तक खुले में पड़े रहने की आशंका जताई जा रही है।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आशा आखिरी बार किसके साथ थी और खाली प्लॉट तक कैसे पहुंची। पुलिस मामले में परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मेडिकल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Body-Of-Mother-Of-Four-Found-In-Garbage-Heap-In-Ludhiana-Suspected-Drug-Overdose