ब्रेकिंग न्यूज - लुधियाना में अवैध कब्जा छुड़वाने गई निगम टीम पर हमला, पथराव कर तोड़ी जेसीबी, लोह लंगर की जमीन पर घर गिराया
Sep18,2026
| Enews Team | Ludhiana
यशपाल शर्मा
लुधियाना। ग्यासपुरा में लोह लंगर की जमीन पर बनी मनदीप एन्क्लेव में अवैध कब्जे हटवाने गई निगम जोन-सी की बिल्डिंग ब्रांच की टीम पर लोगों व कुछ नेताओं द्वारा मिलकर हमला कर दिया गया। उन्होंने पहले टीम पर पथराव किया और फिर घेराबंदी करके जबरन रोक लिया। हालांकि टीम द्वारा मशक्कत कर एक घर को गिरा दिया गया। लेकिन हालात बिगड़ते देख कार्रवाई बीच में छोड़ दी गई। इस दौरान जेसीबी की बुरी तरीके से तोड़फोड़ कर दी गई। हालांकि मुलाजिमों का बचाव हो गया। इस मामले में निगम द्वारा कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी गई है। जानकारी के अनुसार भू माफिया, राजनेताओं और कॉलोनाइजरों द्वारा मिलकर लोह लंगर की जमीन पर मनदीप एन्क्लेव के नाम से कॉलोनी काट दी। जिसके बाद धड़ल्ले से प्लॉट बेच दिए। यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। हाईकोर्ट ने वहां निर्माण पर रोक लगा दी। लेकिन फिर भी लोग निर्माण कर रहे थे। चर्चा है कि पूर्व इंस्पेक्टर कमल धीर द्वारा मिलीभगत करके निर्माण करवाए गए। शुक्रवार सुबह एटीपी रणधीर सिंह अन्य मुलाजिमों और पुलिस को साथ लेकर उक्त अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया। जेसीबी भी तोड़ डाली। इस दौरान टीम का घेराव किया। जिसके चलते कार्रवाई अधूरी छोड़नी पड़ी।
आखिर किसकी शह पर हो रहे अवैध निर्माण
वहीं बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर किसकी शह पर अवैध निर्माण हो रहे हैं। एक तरफ इंस्पेक्टर कमल धीर द्वारा कहा गया कि उनके कार्यकाल में कोई अवैध निर्माण नहीं हुआ। जबकि एक हफ्ता पहले ही उनकी ट्रांसफर हुई है। दूसरी तरफ अब एटीपी कार्रवाई करने पहुंचे। जिससे साफ जाहिर है कि इंस्पेक्टर के समय में ही निर्माण हुआ है। हैरानी की बात तो यह है कि निगम के उच्च अधिकारी मामले में पहले एक्शन नहीं लेते। जब निर्माण पूरा हो जाता है, तब कार्रवाई करने पहुंच जाते हैं।
Breaking-News-Municipal-Team-Attacked-While-Clearing-Encroachment-In-Ludhiana-Jcb-Damaged-By-Stone-Pelting-House-Demolished-On-Loh-Langar-Land