भाजपा की नशा मुक्त यात्रा से पहले रवनीत बिट्टू के काफिले पर अटैक; पत्थर, अंडे और टमाटर फेंकने का आरोप, दो काबू
Sep18,2026
| Enews Team | Punjab
पंजाब। पंजाब में बीजेपी आज ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू करने जा रही है। लेकिन इस यात्रा से पहले पहले पार्टी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार को बटाला के पास घसीतपुर इलाके में हुई, जब बिट्टू अमृतसर से पठानकोट जा रहे थे। बिट्टू के मुताबिक, काफिला घसीतपुर के पास पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके काफिले को घेरने की कोशिश की गई और वाहनों पर अंडे, टमाटर तथा पत्थर फेंके गए। बिट्टू ने यह भी दावा किया कि कुछ वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हुए और मौके पर मौजूद कुछ लोगों के पास हथियार थे।
रवनीत बिट्टू ने लगाए आरोप
रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे आम आदमी पार्टी से जुड़े लोग थे। उन्होंने स्थानीय आप विधायक के समर्थकों पर उन्हें बीजेपी की नशा विरोधी यात्रा में शामिल होने से रोकने की कोशिश का आरोप लगाया। बिट्टू ने घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के DGP गौरव यादव से बात करने की जानकारी दी है। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि अगर उन्हें कोई नुकसान होता है तो पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होंगे।
सुनील जाखड़ ने जताई चिंता
रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हुए कथित हमले पर बीजेपी नेता सुनील जाखड़ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं इसे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण मानता हूं। यह सिर्फ रवनीत बिट्टू की बात नहीं है। आज सुबह अमृतसर में नाइट पेट्रोलिंग के दौरान एक ASI की हत्या कर दी गई। मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने उनकी जान ले ली। बिट्टू पर हुआ हमला राजनीतिक मकसद से किया गया है। यह पंजाब में हालात को अस्थिर करने की कोशिश है। देखिए आम आदमी पार्टी की सरकार या यूं कहें कि भगवंत मान किस तरह के बीज बो रही है। मेरा मानना है कि भगवंत मान सिर्फ एक कठपुतली हैं। असली भूमिका केजरीवाल जी और सिसोदिया जी निभाते हैं।
सीएम मान पर बोला हमला
सीएम मान पर आरोप लगाते हुए जाखड़ ने कहा कि सजा और बंटवारे की चालों के तहत, वे गैंगस्टरों और बदमाशों को जेल से रिहा करवा रहे हैं। वे हत्यारों को आज़ाद कर रहे हैं और उन्हें पार्टी में शामिल कर रहे हैं, यहां तक कि उन्हें अलग-अलग इलाकों में पार्टी के प्रतिनिधि के तौर पर पेश कर रहे हैं। यहां और क्या हो सकता है? हत्याओं के अलावा और कुछ नहीं होगा। और आज सिर्फ ASI हरजीत सिंह की ही हत्या नहीं हुई। कुछ महीने पहले मजीठा में एक और ASI की हत्या कर दी गई थी। उससे पहले, राजासांसी में एक ASI पर हमला हुआ था। किस्मत से, गोलीबारी वाले जानलेवा हमले में वे बच गए। लेकिन जब सुरक्षा देने वाले खुद ही सुरक्षित नहीं हैं, तो वे किसी और की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित कर सकते हैं?
Ravneet-Bittus-Convoy-Attacked-Ahead-Of-Bjps-Drug-Free-Rally-Stones-Eggs-And-Tomatoes-Allegedly-Thrown-Two-Detained