चंडीगढ़। पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज (16 फरवरी) चौथा दिन है। इस दौरान शंभू बॉर्डर पर तैनात एक किसान ज्ञान सिंह की मौत हो गई। जबकि अंबाला में एक तैनात GRP के SI हीरालाल की मौत हो गई। इसकी वजह आंसू गैस के गोले से दम घुटना बताई जा रही है। संयुक्त किसान मोर्चा और मजदूर संघ ने आज ग्रामीण भारत बंद बुलाया है। इसमें गांवों में दुकानें बंद करने और किसानों के खेतों में काम न करने को कहा गया है। हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में बाजार बंद हैं। रोडवेज की बसें नहीं चल रही हैं। राजस्थान में हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का असर है। BKU (चढ़ूनी) के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के कई टोल नाकों को 3 घंटे के लिए फ्री कराया। वहीं, गुरुवार 15 फरवरी को चंडीगढ़ में किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच तीसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। बैठक देर रात में करीब साढ़े 5 घंटे चली। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने के लिए कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया, जिसमें किसान और सरकार दोनों के प्रतिनिधि होंगे। किसान नेता एमएसपी गारंटी पर अड़े रहे। मीटिंग में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे। अब रविवार 18 फरवरी शाम 6 बजे फिर से बैठक होगी। तब तक दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है। गुरनाम चढ़ूनी बोले- हमें बुलाया नहीं, इसलिए नहीं गए भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि कल 17 फरवरी को हरियाणा की सभी तहसीलों पर ट्रैक्टर से प्रदर्शन किया जाएगा। रविवार 18 नवंबर को हरियाणा के सभी किसान संगठन, खापें, टोल कमेटी, मजदूर यूनियन बैठक करेंगे। इसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। चढ़ूनी ने कहा कि वह शंभू समेत अन्य बॉर्डरों पर इसलिए नहीं गए, क्योंकि बुलाया नहीं गया। हम फिर किसानों की मांगों का समर्थन करते हैं।
Farmers-Movement-Fourth-Day-Ruckus-Again-At-Shambhu-Border-Tear-Gas-Shells-Released-Death-Of-A-Farmer-And-Employee-Toll-Free-In-Haryanaoh-