शूटआउट से पहले गैंगस्टरों ने खाई बिरयानी, पौने घंटे रेकी की, हथियार लेकर आए, पुलिस ने विधायक को फंक्शन में आने से रोका
Sep16,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। लुधियाना में आत्म पार्क चौक के पास पुलिस और गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़ मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। AGTF और लुधियाना पुलिस की सतर्कता से मैरी लैंड मैरिज पैलेस में आयोजित रक्तदान शिविर पर होने वाला एक बड़ा हमला टल गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि शूटरों ने करीब पौने घंटे तक मैरी लैंड मैरिज पैलेस के बाहर रेकी की। इस दौरान उन्होंने वहां बिरयानी भी खाई। रक्तदान शिविर में भीड़ होने के बाद वे ऑटो में बैठकर वापस आए और अपने तीसरे साथी के साथ मोटरसाइकिल पर हथियार लेकर वारदात को अंजाम देने के लिए निकले। इसी दौरान खुफिया जानकारी मिलते ही एजीटीएफ की टीम ने उनका पीछा शुरू किया। पुलिस ने आत्म पार्क चौक के करीब संदिग्ध बाइक को घेरकर रोकने का प्रयास किया, जिस पर शूटरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां लगने से दो शूटर ढेर हो गए, जबकि उनका तीसरा साथी मौके से फरार हो गया। इस रक्तदान शिविर में इलाके के कुछ विधायकों और प्रमुख हस्तियों ने बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इंटेलिजेंस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विधायकों को कार्यक्रम में आने से रोक दिया और इलाके में सुरक्षा सख्त कर दी।
गेस्ट और आयोजक निशाने पर थे
पुलिस ने पहले दिन ही खुलासा कर दिया था कि एनकाउंटर में मारे गए शूटरों ने आयोजकों को निशाना बनाना था। जांच में पता चला कि शूटरों के टारगेट पर रक्तदान शिविर में आने वाले कुछ गेस्ट भी थे। सूत्रों के मुताबिक पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शूटर करीब पौने घंटे तक मैरी लैंड पैलेस के बाहर रेकी करते रहे। इस दौरान उन्होंने बिरयानी खाई और मैरी लैंड मैरिज पैलेस के आसपास चक्कर लगाते रहे। पूरी रेकी करने के बाद वे ऑटो में बस स्टैंड की तरफ निकले। मैरी लैंड पैलेस का एक ही गेट है। वहीं से एंट्री और एग्जिट है। सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में पता चला है कि शूटर तीन-चार बार मैरी लैंड के गेट के आसपास घूमते रहे और वारदात को अंजाम देने के बाद भागने के लिए एग्जिट रूट की प्लानिंग करते रहे। पूरा रूट मैप तैयार करने के बाद वे हथियार लेने के लिए तीसरे साथी के पास ऑटो में सवार होकर निकले।
तीसरे साथी की मामले में हुई एंट्री
शूटरों का तीसरा साथी कहां उनका इंतजार कर रहा था, पुलिस इसकी जांच में जुटी है। पुलिस को शक है कि एनकाउंटर के बाद शूटरों से जो हथियार बरामद हुए हैं, वे पहले तीसरे साथी के पास ही थे। रेकी करने के बाद दोनों शूटर उसके पास गए और वहां से हथियार लेकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर वारदात को अंजाम देने के लिए निकले। एजीटीएफ की टीम शूटरों की लोकेशन ट्रेस करते हुए उनका पीछा कर रही थी। पुलिस ने शूटरों को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया था। शूटर बाइक पर जैसे ही आत्म पार्क चौक की तरफ निकले तो एजीटीएफ को इनपुट मिल गया। एजीटीएफ और पुलिस की टीमें अलर्ट पर आ गईं। शूटर जैसे ही फ्लाईओवर के पास स्लिप वे से निकलने लगे तो पुलिस की टीम भी उनके पीछे लग गई। पुल के नीचे से यू-टर्न लेते ही पुलिस ने आरोपियों को घेरने की कोशिश की तो उन्होंने गोलियां चला दीं। क्रॉस फायरिंग में पुलिस की गोलियां दो शूटरों को लग गईं और तीसरा फरार हो गया।
Before-The-Shootout-The-Gangsters-Ate-Biryani-Conducted-A-Recce-For-45-Minutes-And-Arrived-Armed-The-Police-Stopped-The-Mla-From-Attending-The-Function