अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में अजनाला पुलिस स्टेशन पर कल हुए हमले के बाद पंजाब पुलिस सिख प्रचारक अमृतपाल सिंह के आगे झुक गई है। पुलिस ने कोर्ट में उसके साथी लवप्रीत तूफान को केस से डिस्चार्ज करने की एप्लिकेशन दायर की। जिसके बाद कोर्ट के आदेशों पर लवप्रीत तूफान दोपहर बाद 3:30 बजे के करीब जेल से बाहर आ गया। तूफान को लेने कुछ समर्थक और पारिवारिक सदस्य पहुंचे थे। तूफान ने बाहर आते ही अमृतपाल सिंह को जरनैल की उपाधि दे दी। तूफान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उसका इस मामले में कोई हाथ नहीं है। संगतों का काफी अधिक सहयोग रहा है। सभी का धन्यवाद, जिसने उसकी रिहाई में सहयोग दिया है। तूफान ने कहा कि उसका सब भाई जत्थेदार अमृतपाल सिंह है। वह जरनैल है और जरनैल चढ़दी कलां में रहे। तशदत (टॉर्चर) के बारे में पूछने पर तूफान ने कहा कि यह तो होना ही था, यह घर नहीं है। गुलामी का एहसास तो करवाना ही है। तनावपूर्ण स्थिति देख पुलिस बल तैनात अजनाला में स्थिति को कंट्रोल करने के लिए शुक्रवार सुबह से ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करके रखा गया है। एसएसपी रूरल सतिंदर सिंह खुद पुलिस स्टेशन के अंदर मौजूद हैं। वहीं दूसरी तरफ पुलिस स्टेशन को पूरी तरह से घेर कर रखा गया है ताकि गुरुवार वाली घटना दोबारा से ना हो सके। एसएसपी रूरल सतिंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि आज पुलिस लवप्रीत सिंह तूफान की रिहाई के लिए एप्लिकेशन कोर्ट में मूव करने जा रही है। FIR दर्ज करने पर चुप पुलिस एसएसपी रूरल सतिंदर सिंह ने वीरवार के बयान को दोहराते हुए कहा कि अमृतपाल सिंह व समर्थकों की तरफ से पुलिस के सामने सबूत पेश किए गए हैं। जिनके आधार पर साफ होता है कि लवप्रीत तूफान वहां नहीं था। आज पुलिस लवप्रीत की रिहाई के लिए कोर्ट में एप्लिकेशन दाखिल करने जा रही है। लेकिन जब उनसे गुरुवार की घटना व पुलिसकर्मियों के साथ हुई मारपीट मामले पर FIR करने की बात पूछी गई तो उन्होंने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया है। वहीं उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का मनोबल बरकरार है। पुलिस को स्थिति को देखते हुए एक्शन लेना पड़ता है।
Punjab Police Bowed Down To Protest Orders Release Of Amritpal Singhs Accomplice Toofan Released From Jail After Noon