लुधियाना। नाम वीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ काला राणा। पेशा कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस गैंग के सिंडिकेट का मेंबर बनकर हत्या, लूट, फिरौती और रंगदारी मांगना। कुछ साल के भीतर ही जुर्म की दुनिया में अपने नाम का सिक्का चलाने वाला काला राणा अब घुटनों के बल आ गया है। काला राणा की एक वीडियो सामने आई है, जिसमें वह न केवल अपने जुर्म की दास्तान सुना रहा है, बल्कि खुद को गंदा बताते हुए माफी भी मांग रहा है। बताया जा रहा है कि गैंगस्टरों की कमर तोड़ने के साथ ही उनके खौफ को खत्म करने के लिए वीडियो सामने आना पुलिस की प्लानिंग है। हालांकि यह वीडियो कहां और कब का है, इसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। वीडियो में काला राणा ने क्या कहा... वीडियो में गैंगस्टर काला राणा कान पकड़कर उठक-बैठक लगा रहा है। वीडियो में वह बोलता है कि मेरा नाम वीरेन्द्र प्रताप उर्फ काला राणा है। मैंने 2012 में क्राइम की शुरुआत की। कई बेगुनाहों का मर्डर और कई लोगों से फिरौती वसूली। मुझे माफ कर दिया जाए। मैं गंदा आदमी हूं। काला राणा के कबूलनामे का यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। 2013 में लूट का पहला मामला दर्ज हरियाणा के यमुनानगर की कॉलोनी लक्ष्मी गार्डन में जन्मा वीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ काला राणा की 2012 से पहले तक पहचान शक्ल-सूरत से हैंडसम और पूरी तरह स्टाइलिस्ट नौजवान के रूप में थी। मगर, इसी साल वह कुछ ऐसे लोगों की संगत में पड़ गया, जिनका अपराध से छोटा-मोटा नाता रहा। काला राणा ने इसी संगत में पड़ने के बाद अपराध की दुनिया में नाम कमाने का सपना बुनना शुरू कर दिया। पहली बार उसका नाम छोटे-मोटे लड़ाई-झगड़े में आया, लेकिन 2013 में उसने अपने अपराध की बड़ी शुरुआत एक गाड़ी लूटने से की और फिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल में संपत नेहरा से हुई दोस्ती लूट के केस में जेल जाने के बाद उसकी मुलाकात उसी जेल में बंद बॉलीवुड स्टार सलमान खान की हत्या की साजिश रचने वाले लॉरेंस के गुर्गे संपत नेहरा से हुई। दोनों में अच्छी खासी दोस्ती हो गई और फिर संपत नेहरा ने उसे लॉरेंस व काला जठेड़ी गैंग में शामिल करा दिया। इसके बाद जेल से बाहर आने पर काला राणा संपत नेहरा और लॉरेंस के शार्प शूटर्स के साथ मिलकर वारदातें करने लगा। उसने अपने गृह जिले यमुनानगर के अलावा आसपास के जिलों में कई वारदातें की। धीरे-धीरे उसका नाम पुलिस रिकॉर्ड में ऊपर आना शुरू हो गया।
Kala Rana A Close Gangster Of Lawrence Kept Doing Sit Ups By Holding His Ear Said Killed Innocents Ransom Recovery I Am A Dirty Man Sorry