लुधियाना। सराभा नगर स्थित स्केटिंग रिंक में 98 लाख से मरम्मत का कार्य करवाया गया था। काम होने के 2 महीने बाद ही रिंक पर दरारें और गड्ढे बनने शुरू हो गए हैं। विजिलेंस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू की है। नगर निगम के अधिकारियों ने भी ट्रैक में दरारें आने के बाद निर्माण कंपनी का भुगतान रोक दिया है। इसके अलावा निगम ने निर्माण कंपनी को ट्रैक ठीक कराने के लिए लिखा था, लेकिन कंपनी ने कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया। विजिलेंस टेक्निकल टीम को मौके पर बुलाकर किस तरह का मेटीरियल इस्तेमाल किया गया और इस पर कितनी लागत आई, इसकी रिपोर्ट तैयार करेगी। खिलाड़ियों ने अधिकारियों के सामने उठाया था मामला नगर निगम द्वारा बनाए गए लैयर वैली से सटे स्केटिंग रिंक में कई युवा अभ्यास कर रहे हैं। पिछले कुछ सालों से स्केटर्स और उनकी एसोसिएशन ने रिंक के टूटने का मामला अधिकारियों के सामने उठाया था। रिंक के निर्माण के लिए नगर निगम ने एक कंपनी को ठेका दिया था। यह काम 3 दिसंबर 2021 से 2 मई 2022 तक होना था। रेनोवेशन के बाद रिंक को खिलाड़ियों के लिए खोल दिया गया। हालांकि मरम्मत के महज दो महीने बाद ही ट्रैक में फिर से दरार आ गई। नगर निगम दो बार लेटर लिख चुका इस संबंध में नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर जोन डी ने संबंधित निर्माण कंपनी को 25 अगस्त 2022 और फिर 3 मार्च 2023 को पत्र जारी किया था। पत्र में लिखा था- आपकी फर्म को सराभा नगर में स्केटिंग रिंक के उन्नयन का कार्य दिया गया था। आपकी फर्म द्वारा किया गया कार्य संतोषजनक नहीं है क्योंकि स्केटिंग रिंक में कई स्थानों पर दरारें और गड्ढे हो गए हैं।
Cracks In Sarabha Nagar Skating Rink Repair Work Was Done 2 Months Ago With 98 Lakhs Vigilance Team Will Investigate