अमृतसर। बॉर्डर के गांव गजनी वालां में सोमवार की अलसुबह बीएसएफ और काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर व लुधियाना की टीम ने ऑपरेशन चलाया। इसमें दो पाकिस्तानी तस्करों को फायरिंग कर अरेस्ट कर लिया गया। इनमें से एक को बाजू में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरे से पूछताछ जारी है। इनसे 26 पैकेटों में 29.2 किलो हेरोइन बरामद हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह ऑपरेशन दिन के 10:30 बजे तक चला। कौन तस्कर नशा लेने आ रहे थे, जांच जारी है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान अजमल और सिवना तौर पर हुई है। दोनों पाकिस्तान के जिला कसूर के रहने वाले हैं। इस माह हेरोइन की यह आठवीं बड़ी खेप पकड़ी गई है। 20 दिनों में 142 किलो हेरोइन जब्त हो चुकी है। फेंसिंग के डूबने का तस्कर उठाना चाह रहे थे फायदा फिरोजपुर में जोगिंदर चौकी के पास दो फेंसिंग हैं। पुरानी फेंसिंग बाढ़ के कारण पानी में डूबी हुई है। इसी का फायदा उठाते हुए दो पाकिस्तानी तस्कर आगे तक आ गए। जैसे ही वह नई फेंसिंग की ओर बढ़ने लगे तो बीएसएफ जवानों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी के बाद दोनों तस्कर पकड़े गए। प्लास्टिक के ड्रम में छिपा कर ला रहे थे नशा तस्करों से 50 लीटर का एक नीले रंग का प्लास्टिक ड्रम मिला है। इसी में हेरोइन की खेप छिपा कर रखी गई थी। 2 कीपैड मोबाइल, एक काली ट्यूब आदि बरामद हुए हैं। एआईजी सीआई फाजिल्का लखबीर सिंह ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की धारा सी, 29 और 30, पासपोर्ट एक्ट और विदेशी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
Two-Pakistani-Smugglers-Arrested-One-Shot-29-Kg-Heroin-Seized