लुधियाना | एल्यूमीनियम के कारोबारी से 4 कार सवार बदमाशों ने 6 लाख रुपए और लैपटॉप लूट लिया। वह गिल रोड स्थित अपनी फैक्ट्री से वापस घर किचलू नगर आया था।घर के नजदीक एक कार रुकी। कार से दो नकाबपोश युवक उतरे और कारोबारी पर बेसबॉल के डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। कारोबारी सौरव अग्रवाल के हाथ में दो बैग थे। बदमाशों ने हमला कर दोनों बैग छीन लिए। एक बैग में करीब 6 लाख रुपए की नकदी और लैपटाप था। हमला करने वाले बदमाशों ने चेहरे पर मुखौटे पहने थे, लेकिन पुलिस अभी तक मुखौटा पहनने की पुष्टी नहीं कर रही। कारोबारी के चिल्लाने की आवाज सुन परिवार और मोहल्ले के लोग एकत्र हुए और खून से लथपथ सौरव को संभाला। तब तक बदमाश फरार हो गए। कारोबारी सौरव अग्रवाल को तुरंत प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी बाजू पर टांकें लगाए हैं। सौरव ने बताया कि जब वह फैक्ट्री से वापस घर आया तो उसके घर के बाहर ही बदमाशों ने हमला कर दिया। उन लोगों ने चेहरे पर मुखौटे पहने थे। उसे संभलने का मौका नहीं मिला। घटना स्थल पर चौकी किचलू नगर की पुलिस व सीनियर पुलिस अधिकारी पहुंचे जिन्होंने कारोबारी के बयान दर्ज किए है। लूट के बाद रात 1 बजे तक ADCP शुभम अग्रवाल, ACP मंदीप सिंह पुलिस टीमों के साथ बदमाशों को लोकेट करने के लिए चैकिंग करते रहे। वारदात के तुरंत बाद पुलिस अधिकारियों ने वायरलेस पर कंट्रोल रुम को वारदात की जानकारी दी। शहर में कई जगह नाकाबंदी भी करवाई गई। पुलिस ने शहर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर हर आने-जाने वाली संदिग्ध कार को पुलिस ने देर रात तक चैक किया। ADCP शुभम अग्रवाल ने कहा कि कारोबारी सौरव ने पुलिस को बताया है कि 6 लाख रुपए और लैपटाप की लूट हुई है। बदमाशों को लोकेट करने के लिए शहर में सभी जगह पुलिस कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। देर रात तक सेफ सिटी कैमरे और लोगों के घरों में लगे कैमरों को चैक किया जा रहा है। गाड़ी का नंबर और आरोपियों को लोकेट करने के लिए विशेष टीमों का भी गठन कर दिया गया है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। कारोबारी सौरव की हालत खतरे से बाहर है।
Miscreants-Looted-Rs-6-Lakh-From-A-Businessman-Miscreants-Wearing-Masks-Robbed-In-Front-Of-The-House-Attacked-With-Sticks