लुधियाना | आरती चौक के पास बन रहा प्राइवेट अस्पताल विवादों से घिर गया है। अस्पताल में बनाई जा रही बेसमेंट के कारण गली में जमीन खिसक गई है, वहीं 4 से 5 मकानों में दरारें भी आ गई हैं। कृष्णा नगर के लोग विधायक गुरप्रीत गोगी के पास जाकर समस्या के बारे में बता चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। सभी मकान करीब 2 से 3 मंजिल बने है। बेसमेंट बनाने के लिए लोगों के घरों के नजदीक गहरी खुदाई की गई है। जिस कारण लोगों के घरों की नींव कमजोर हो गई है। मशीनरी के कारण दीवारों में क्रेक आ चुके है। कई जगह तो लेंटर ही झोल खा गए है। लोग जान हथेली पर रखकर जर्जर मकानों में रहने को मजबूर है। कृष्णा नगर के रहने वाले मनिंदर सिंह ने बताया कि करीब 1 साल पहले भी जब बेसमेंट बनने का काम शुरू हुआ था तो कुछ मकानों में हिलजुल हो गई थी। उस समय विधायक गुरप्रीत गोगी ने आश्वासन देकर काम रुकवा दिया था, लेकिन अब फिर पिछले 10 दिनों से बेसमेंट का काम शुरू हो गया है। भारी मशीनें चलने के कारण लगातार जमीन खिसक रही है। जमीन पर क्रेक पड़ने शुरू हो गए है। घर के आंगन से लेकर स्टोर रूम तक दरारें आ चुकी है। छत का लेंटर करीब 1 फूट तक आगे आ गया है। महिला शकुंतला ने कहा कि घर जर्जर होने के कारण रात को सोते समय भी डर लगता है। कई बार तो रात गली में बैठ कर गुजारनी पड़ती है। वह अपने परिवार के साथ घर में रहती है। अब हालात यह बन गए है कि किसी भी समय उनका मकान गली में गिर सकता है। यदि इस तरह का कोई बड़ा हादसा होता है कि निगम अधिकारी उसके जिम्मेवार होंगे क्योंकि अभी तक बेसमेंट बनाने वालों पर एक्शन नहीं लिया जा रहा। शरणजीत कौर ने बताया कि वह पिछले 50 साल से यहां रहती है। करीब 1 साल पहले जब अस्पताल प्रबंधकों ने पिल्लर डाले थे तो उन्होंने आश्वासन दिया था कि यदि कोई नुकसान होता है तो वह जिम्मेवार होंगे। करीब 1 साल काम बंद रहा लेकिन अब फिर बेसमेंट का काम शुरू होने के कारण इलाके में दशहत मच गई है। घरों में सारी रात मलबा गिर रहा है। जाग कर पूरा परिवार रात गुजार रहा है। परमजीत कौर ने कहा कि गरीब लोगों ने मेहनत कर करीब 12 घर बनाए हैं। कोई निगम अधिकारी या प्रशासन का अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहा। बेसमेंट बनाने वाली लेबर जब मशीन चलाती है तो वह भी इलाका निवासियों से विवाद करती है। बिल्डिंग बनाने वाला डॉक्टर कहता है कि अपने घर छोड़कर किराए के मकानों में चले जाओ। इस मामले में निगम कमिश्नर संदीप ऋषी ने कहा कि वह तुरंत निगम अधिकारियों को मौके पर भेज रहे है। बेसमेंट बनाने वालों से नक्शा और मंजूरी चेक की जाएगी। फिलहाल अभी काम बंद करवाया जाएगा। लोगों की जान के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
Private-Hospital-Surrounded-By-Controversies-Due-To-Construction-Of-Basement-Ground-Slipped-In-The-Street-Cracks-Appeared-In-Houses