लुधियाना| देर रात 11 बजे समराला चौक नजदीक एक बाइक सवार युवक को ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक का टायर युवक के सिर के ऊपर से गुजरा। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने ट्रक चालक का पीछा कर उसे कुछ कदमों की दूरी पर ही पकड़ तुरंत पुलिस को सूचित किया। घटना स्थल पर थाना मोती नगर, डिवीजन नंबर 3 और चौकी जनकपुरी की पुलिस पहुंची। हदबंदी के मुताबिक थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक चीमा चौक से समराला चौक की तरफ जा रहा था। मृतक युवक की पहचान कर्ण निवासी सुभाष नगर नजदीक चंद्रलोक कॉलोनी के रूप में हुई है। वह परिवार का इकलौता बेटा था। कर्ण विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। परिवार का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक का मेडिकल करवाया जाए। उन्हें शक है कि ड्राइवर ने हादसे के समय नशा किया हुआ था। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक तेज रफ्तार में था। वहीं परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद एंबुलेंस करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। घटना स्थल पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। आरोपी ट्रक ड्र्राइवर को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। फिलहाल आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
The-Only-Son-Riding-A-Bike-Was-Crushed-By-A-Truck-Tire-Passed-Over-His-Head-He-Died-On-The-Spot