मोगा | रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे का शिकार हुई डोली कार में सवार दूल्हे समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा लुधियाना-फिरोजपुर मेन रोड पर अजीतवाल के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मोगा पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने सभी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना की जानकारी परिवार को भी दे दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डोली वाली कार की टक्कर एक खड़े ट्राले से हुई है। मरने वालों में दूल्हा भी है। घटना में जख्मी 3 अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। बता दें कि डोली वाली कार अबोहर की तरफ से आ रही थी। कार में सवार लोगों को लुधियाना के पास बद्दोवाल पहुंच कर शादी में शामिल होना था। मगर रविवार को सुबह 5 बजे हादसा हो गया। शुरूआती जांच के मुताबिक लुधियाना के बद्दोवाल में एक सोसाइटी 21 लड़कियों का सामूहिक विवाह करवा रही है। जहां जलालाबाद के जोड़े की भी शादी होनी थी। इसके लिए लड़की पक्ष के लोग पहले ही पहुंच गए थे। हालांकि सुबह दूल्हे की एक्सीडेंट में मौत का पता चलते ही परिवार दुखी होकर वापस लौट गया। मौके पर जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे में सुखविंदर सिंह नाम के दूल्हे समेत करीब 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि एक ने अस्पताल ले जाते हुए दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सतनाम सिंह, बच्ची अंशदीप कौर के रूप में हुई है। परिवार के तीन अन्य सदस्यों का इलाज जारी है, जिनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। अभी तक की जांच में पता चला है कि उक्त हादसा ज्यादा धुंध होने के कारण हुआ। हादसे मरी बच्ची की उम्र करीब 4 साल है। घटना में जख्मी सीमा रानी नाम की महिला को फरीदकोट रेफर किया गया है।
Wedding-Procession-Car-Collides-With-Trolley-On-Highway-4-Including-Groom-And-Daughter-Killed-Were-Coming-From-Fazilka-To-Ludhiana