लुधियाना। ऋषि नगर में घर से जिम गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी अगले साल फरवरी महीने में शादी होनी थी। परिवार का आरोप है कि बेटे के शरीर पर कई जगह मारपीट के निशान हैं। साथ ही मुंह से झाग निकल रही थी। मृतक युवक की पहचान सुखचेन सिंह उर्फ शैरी के रूप में हुई है। सुखचेन अमेजन में काम करता था। मृतक युवक की मां हरबंस कौर ने बताया कि उनके बेटे ने दो दिन पहले ऋषि नगर में बने एक जिम में एक्सरसाइज शुरू की थी। मां ने बताया कि जिम जाकर बेटे ने एक फोटो भी उन्हें भेजी थी और जिम की फीस डालने के लिए कहा था। कुछ देर बाद एक युवक ने घर आकर उनके किराएदार को बताया कि शैरी सीढ़ियों से गिर गया है। उसे डीएमसी अस्पताल लेकर गए हैं। मां हरबंस कौर ने बताया कि वह शहर से बाहर किसी शादी समारोह में गई हुई थी। जब वापस आकर उसने डीएमसी अस्पताल जाकर देखा तो बेटे की मौत हो गई थी।
जिम संचालक देता था चीजें
हरबंस ने बताया कि बेटे को जिम करने की आदत थी। पिछले 10 साल से वह कसरत करता था। इस जिम में गए अभी उसे 3 दिन ही हुए थे। उन्हें इलाके के लोगों ने भी बताया कि इस जिम में युवकों को ओवर वेट वजन उठाने के लिए जिम संचालक कोई चीज पानी में घोल कर पिलाता है। उन्हें संदेह है कि उनके बेटे को साजिश के तहत मारा है। उन्होंने कहा कि पहले तो जिम संचालक कहता था कि सीसीटीवी कैमरों में चेक कर सकते हैं, लेकिन जब सीसीटीवी चेक करने लगे तो उसका जवाब था कि कैमरे चल नहीं रहे। एएसआई अश्वनी कुमार ने कहा कि परिवार की शिकायत पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
Death-Of-Only-Son-Who-Went-To-Gym-In-Rishi-Nagar-Marriage-Was-In-February-Mother-Said-Gym-Operator-Used-To-Give-Things-By-Dissolving-Them-In-Water