लुधियाना। पंजाब के ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए विभाग ने खन्ना के ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी (बी.डी.पी.ओ) कुलविन्दर सिंह रंधावा को सरकारी फ़ंडों के ग़बन के दोष में तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और खन्ना से विधायक तरुणप्रीत सिंह सौंध ने 58.25 लाख रुपए का घपला 14 दिन पहले पकड़ा था। इस घपले का पर्दाफाश करने में आप विधायक की मदद कांग्रेस के ब्लॉक समिति चेयरमैन सतनाम सिंह सोनी ने भी की। कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बी.डी.पी.ओ. खन्ना कुलविन्दर सिंह रंधावा के विरुद्ध शिकायतों के आधार पर ज़िला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डी.डी.पी.ओ), लुधियाना को जांच सौंपी गई थी।
उन्होंने बताया कि डी.डी.पी.ओ लुधियाना द्वारा प्राप्त हुई रिपोर्ट में बताया गया कि कुलविन्दर सिंह रंधावा ने पंचायत समिति खन्ना के फ़ंडों का दुरुपयोग किया और अनाधिकृत खाते खुलवा कर बिना मंज़ूरी के 58.25 लाख रुपए की ग़लत ढंग से अदायगियां कीं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन दोषों के आधार पर कुलविन्दर सिंह रंधावा बी.डी.पी.ओ खन्ना को सरकारी सेवा से तुरंत निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के समय अधिकारी का हेडक्वार्टर दफ़्तर ज़िला विकास एवं पंचायत अधिकारी, एस.ए.एस नगर होगा। आदेशों के मुताबिक निलंबित अधिकारी को पंजाब सिविल सेवाएं रूल्ज़ के नियम 7.2 के अधीन नियमों और शर्तों के अनुसार गुज़ारा भत्ता दिया जाएगा।
यह है घपला
विधायक सौंध ने बताया कि उन्हें काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पंचायती विभाग में सरकारी फंडों का दुरुपयोग हो रहा है। जिसे लेकर उन्होंने ब्लॉक समिति चेयरमैन सोनी से मिलकर योजना बनाई। इसमें यह देखने को मिला कि पंचायती जमीनों का साल भर का जो ठेका लिया जाता है, उसकी बनती 30 फीसदी रकम बीडीपीओ ऑफिस के एक पोर्टल खाते में जमा होती है।
निजी कंपनी बनाईं
इस रकम से पंचायत सचिवों का वेतन और बीडीपीओ की सरकारी गाड़ी का खर्च चलाया जाता है। हुआ यह कि बीडीपीओ ने ऐसे ही तीन अन्य खाते खुलवा लिए। एक अमलोह और दो खन्ना में खुलवाए गए। नसराली गांव की जमीन की बनती रकम 40 लाख रुपए और बुल्लेपुर गांव की 20 लाख रुपए कुल 60 लाख रुपए इन खातों में ट्रांसफर कर लिए। विधायक ने कहा कि इसके बाद बीडीपीओ ने निजी कंपनियां बना लीं। विभिन्न प्रकार के काम दिखाकर 60 लाख रुपए उन कंपनियों में ट्रांसफर कर लिए। यह एक बड़ा घपला है।
Khannas-Bdpo-Suspended-In-Ludhiana-Aap-Mla-Caught-Scam-Opened-Account-And-Paid-Rs-58-25-Lakh