लुधियाना | ताजपुर रोड पर पंजाब एंड सिंध बैंक में डकैती की कोशिश हुई है। देर रात कुछ बदमाश बैंक का शटर उखाड़ते हुए सीसीटीवी में कैद हुए है। सुबह जब बैंक कर्मचारी डयूटी पर आए तो उन्होंने देखा कि शटर से छेड़छाड़ की हुई है। कर्मचारियों ने तुरंत बैंक के सीनियर अधिकारियों को सूचित किया। थाना जमालपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर छानबीन में लगी है। जानकारी देते हुए JCP जसकिरनजीत सिंह तेजा ने कहा कि बदमाशों ने शटर उखाड़ने की कोशिश की है। उनके हाथ कुछ कुछ लीड लगी है। जल्द बदमाशों को काबू कर लिया जाएगा। लुटेरों ने पंजाब एंड सिंध बैंक से कुछ दूरी पर बने HDFC एटीएम पर भी लूट करने की कोशिश की। ATM के अंदर सो रहे गार्ड ने उन्हें भगाया। इसके बाद कुछ दूरी पर आकर बदमाशों ने बैंक को निशाना बनाया। इलाके के सरपंच गुरदीप मंगा ने घर की छत्त से बैंक में हिलजुल होती सुनी। उन्होंने शोर मचाया। लोगों को इक्ट्ठा होते देख लुटेरे बाइकों पर फरार हो गए। लोगों ने बैंक मैनेजर प्रिया को सूचित किया। रात अढ़ाई बजे बैंक मैनेजर प्रिया व अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा। बैक कर्मी सतीश ने बताया कि 4 बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। दो बदमाश बैंक के बाहर मौजूद थे। जबकि 2 बदमाश बैंक के अंदर दाखिल हुए। शटर उखड़ने से पहले बदमाशों ने बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े। बैंक में दाखिल होने पर रात के समय अलार्म नहीं बजा। अलार्म नहीं बजना से बैंक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। डीवीआर सिस्टम से कुछ कैमरे अटैच थे जिस कारण बदमाश सेफ तोड़ने की कोशिश करते हुए कैमरों में कैद हो गए। बैंक में दाखिल होते ही पहले बदमाशों ने सभी दराजों को खंगाला। लुटेरे कैशियर के कैबिन में भी गए लेकिन वहां उनके हाथ कुछ नहीं लगा। बैंक के अंदर कुछ कैमरे बदमाशों ने तोड़ दिए जबकि कुछ की तारें काट दी। बैंक कर्मी ने बताया कि लुटेरे करीब आधा घंटा बैंक में घुमते रहे। उन्होंने सेफ को तोड़ने के लिए सब्बल और ड्रिल मशीन भी इस्तेमाल की लेकिन वह सेफ को तोड़ नहीं सके। कैमरों में बदमाशों की हर हरकत कैद हो गई है। इस वारदात के बाद लोगों में सहम पाया जा रहा है। बैंक में किसी तरह का कोई गार्ड रात के समय तैनात नहीं होता। इसी बात का फायदा लुटेरों ने उठाया। 500 मीटर की दूरी पर है सेंट्रल जेल और ताजपुर पुलिस चौकी बता दें पुलिस की पेट्रोलिंग पर ये बड़ा सवाल उठता है कि 500 मीटर की दूरी पर सेंट्रल जेल और ताजपुर पुलिस चौकी है। ताजपुर रोड पर पुलिस पेट्रोलिंग के दावे हवाहवाई होते नजर आ रहे है। दबी जुबान में कुछ लोगों ने बताया कि पुलिस की पेट्रोलिंग न होने के कारण ही रात के समय हथियारों के बल पर इस रोड पर लोगों को लूटा जाता है। पिछले 5 दिनों से लगातार लूटपाट की वारदातें हो रही है। शक जताया जा रहा है कि लूट करने वाले एक ही गैंग के लोग है।
Robbery-Attempt-In-The-Bank-Shutters-Were-Pulled-Down-At-Night-Miscreants-Were-Captured-In-The-Bolt-Jcp-Said-Police-Got-A-Big-Clue