खन्ना। पंजाब भर में नशा तस्करों पर नकेल कसने के मकसद से चलाए जा रहे कासो ऑपरेशन में लुधियाना के खन्ना में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। खन्ना में नशा तस्करी के हॉटस्पॉट मीट मार्केट में पुलिस ने रेड की। एडीजीपी ला एंड ऑर्डर गुरिंदर सिंह ढिल्लों सर्च की मॉनिटरिंग करने आए। उनके साथ एसएसपी अमनीत कौंडल व उनकी टीम मौजूद रही। खन्ना में सर्च के दौरान एडीजीपी ने नशा तस्करों के भागने का गुप्त रास्ता ढूंढा। एक घर के अंदर से कूड़े के डंप की तरफ खिड़की बनाई गई थी। जब कभी पुलिस की रेड होती थी तो नशा तस्कर इसका सहारा लेकर भागते थे। कूड़े का डंप होने कारण किसी को शक नहीं होता था। लेकिन कासो आपरेशन में पुलिस ने तस्करों का यह चोर रास्ता भी ढूंढ निकाला।
प्रॉपर्टी जब्त होगी, बुलडोजर चलेगा
एडीजीपी गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने उन लोगों के परिवार से बातचीत की, जिनके खिलाफ नशा तस्करी के केस दर्ज हैं। जो पहले कई बार जेल जा चुके हैं या फिर कई जेल में बैठे हैं। उनके परिवारों को सख्त चेतावनी दी गई। ढिल्लों ने कहा कि यह मत सोचना है कि एफआईआर दर्ज करने, जेल भेजने और फिर जमानत तक केस सीमित है। पुलिस तस्करों को बख्शने वाली नहीं है। जिस काली कमाई से मकान, कारें, मोटरसाइकिल और अन्य प्रॉपर्टी बनाई है उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त करेंगे। कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेकर काली कमाई की जायदाद पर बुलडोजर चलाएंगे।
नशा बेचने और लेने वाले काबू आए
इस कासो आपरेशन के दौरान इलाके में नशा बेचने वाले और इनसे नशा लेने वाले पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस के आने से पहले एक महिला भाग चुकी थी। जिसकी तलाश की जा रही है। एसएसपी अमनीत कौंडल ने कहा कि सर्च आपरेशन जिले भर में 9 हॉट स्पॉट्स पर चल रहा है। दोपहर बाद तक यह पूरा होगा। उम्मीद है कि कई नशा तस्करों के साथ साथ भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी होगी।
In-Khanna-Adgp-Discovered-The-Secret-Route-Of-Drug-Smugglers-They-Used-To-Escape-Through-Garbage-Dump-4-Arrested-In-Kaso-Operation-Woman-Runs-Away