लुधियाना | नगर निगम द्वारा शहर में बिल्डिंगें सील करने पर MLA गुरप्रीत गोगी और नगर निगम में घमासान की स्थिति पैदा हो गई है। MLA गोगी ने कहा कि जिन अधिकारियों ने गैरकानूनी तरीके से मॉडल टाउन इलाके में लोगों की दुकानें व अन्य बिल्डिगों को सील किया था, उन्हें अब वह CM हाउस तक खींचेंगे। गोगी ने कहा कि इस घटनाक्रम की रिपोर्ट बनवाकर वह मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पास लेकर जाएंगे। गोगी ने कहा कि वह अपने हल्के के लोगों के साथ निगम की धक्केशाही नहीं होने देंगे। दुकानों की खुद सील खोलने पर गोगी ने कहा कि अगर मैंने कानून मुताबिक सही सील की हुई बिल्डिंगों की सील खोली है तो तुरंत निगम कमिश्नर मेरे पर FIR दर्ज करवाएं। गोगी से सवाल किया गया कि निगम की कार्रवाई पूरे शहर में चल रही है तो वह अकेले ही क्यों विरोध कर रहे हैं, बाकी विधायक भी आम आदमी पार्टी के शहर में हैं। जवाब में गोगी ने कहा कि जिन हल्कों में निगम गैरकानूनी तरीके से बिल्डिंगों को सील कर रही है, उन हल्कों के विधायकों ने मेरा जूठा नहीं खाया है। जिस दिन वह मेरा जूठा खा लेंगे वह भी निगम की धक्केशाही के खिलाफ हो जाएंगे। गोगी ने कहा कि राजनीति में अब उन्हें बदनाम तो कर दिया गया है, लेकिन बदनाम होकर भी उनका नाम हो रहा है। मॉडल टाउन इलाके में बुधवार को निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम ने 25 दुकानों पर सीलिंग की। इस मुद्दे पर जोन-D के ATP मोहन सिंह से जब पूछा गया कि क्या दुकानें सही सील की थीं, तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि दफ्तर आकर रिकॉर्ड देख लो दुकानें सही सील हैं या नहीं। उधर, इस मामले में निगम कमिश्नर संदीप ऋषि ने चुप्पी साधी हुई है। उनसे फोन कर मामले की जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। मॉडल टाउन में गोगी द्वारा सील खोले जाने का मामला गरमाने के बाद कमिश्नर ने बीते दिन इस मामले में बिल्डिंग ब्रांच से रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में उन सभी दुकानों का रिकॉर्ड मांगा गया है, जिन्हें सील किया गया है। दुकानें किस साल में बनी थी। उन्हें कितनी बार नोटिस दिया गया या नहीं। दुकानें सील करते समय कितने अधिकारी इस कार्रवाई में शामिल हैं, उनकी जानकारी भी मांगी गई है। कार्रवाई से कितने घंटे पहले नोटिस चिपकाए थे यह भी पूछा गया है। विधायक गोगी ने जब निगम अधिकारियों को मौके पर आने के लिए कहा था, तो कोई अधिकारी मौके पर क्यों नहीं पहुंचा इसका भी कारण पूछा गया है।
Clash-Over-Building-Seal-Gogi-Said-I-Will-Drag-The-Officials-Till-Cm-House-If-I-Am-Wrong-Then-The-Commissioner-Should-Lodge-An-Fir