लुधियाना | नगर-निगम द्वारा माडल टाउन इलाके में बिल्डिगें सील करने और आप विधायक गोगी द्वारा सीलें तोड़ देने के मामले में चल रहे घमासान के बीच अब विधायक मदन लाल बग्गा भी सवालों के घेरे में हैं। बग्गा पर पूर्व डिप्टी मेयर और शिअद के सीनियर नेता आरडी शर्मा ने निशाना साधा है। शर्मा ने कहा कि MLA चौधरी मदन लाल बग्गा अपने चहेतों की बिल्डिगों को संरक्षण देकर बनवा रहे है। बग्गा के चहेतों की बिल्डिंगें 8 मंजिल तक बन रही हैं, लेकिन कोई अधिकारी कार्रवाई नहीं करता। वहीं इलाके में 70 गज में यदि कोई तीन मंजिल भी बना ले तो निगम अधिकारी उसे सील करने आ जाते हैं। शर्मा ने कहा कि बग्गा अधिकारियों पर दबाव डाल कर लोगों की बिल्डिंगों को सील करवा रहे हैं। जिस व्यक्ति की बिल्डिंग सील हो जाती है, जब वह बग्गा के पास जाता है तो बाद में वह बिल्डिंग खोल दी जाती है। शर्मा ने कहा कि कुछ महीने पहले सीताराम नाम के व्यक्ति की दुकानें निगम अधिकारियों ने सील कर दी थी। लेकिन जब वह बग्गा के पास गए तो दुकानों से सील खोल दी गई। आरडी शर्मा ने कहा कि वह 15 साल सलेम टाबरी इलाके में पार्षद और शहर के डिप्टी मेयर रहे हैं। किसी अधिकारी की इतनी हिम्मत नहीं होती थी कि वह किसी से रिश्वत ले या बिल्डिंग सील करे। लेकिन अभी पता चला है कि कांग्रेसी नेता अजय अरोड़ा, दिल्ली फास्ट फूड वालों की बिल्डिंग सील हो गई। शर्मा ने कहा कि जब इस मामले में उन्होंने अधिकारियों से बात की तो अधिकारी साफ तौर पर कह रहे है कि हमें MLA साहब का दबाव है। आरडी शर्मा ने कहा कि मनी राम बलवंत राय नाम का व्यक्ति बग्गा का खास है। उसकी दुकान 3 मंजिला बनी है। कभी किसी निगम अधिकारी ने वहां कार्रवाई नहीं की। शर्मा ने खुलासा किया कि जस्सियां रोड पर एक व्यक्ति ने उन्हें बताया है कि कुछ समय पहले उसकी बिल्डिंग सील कर दी गई थी, लेकिन बग्गा का कोई व्यक्ति वहां आया और आदान-प्रदान करके गया। इसके बाद वह बिल्डिंग बन गई। शर्मा ने कहा कि बग्गा को इस तरह की राजनीति बंद करनी चाहिए। उधर, इस मामले में विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा ने कहा कि वह यूरोप के टूर पर गए हुए थे। बीते रात ही वह वापस आए हैं। यदि उनके इलाके में कोई बिल्डिंग निगम ने सील की है तो निगम कमिश्नर खुद मामले की जांच करें। बग्गा ने कहा कि विरोधियों के पास अब कोई मुद्दा नहीं रहा, इस कारण अब वह इस तरह की घटिया राजनीति पर उतारु हो चुके है।
Case-Of-Sealing-And-Opening-Of-Building-Now-Target-On-Mla-Baga-Former-Deputy-Mayor-Said-Buildings-Of-Loved-Ones-Are-Being-Built-Common-People-Are-Worried