लुधियाना। चौड़ा बाजार में आधी रात को एक बैंक का सायरन अचानक बज पड़ा। अनहोनी के डर से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया ओर कुछ ही देर में लोगों की बैंक के पास भीड़ लग गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और इधर-उधर काफी सर्च की, लेकिन बैंक का कोई रास्ता खुला नहीं मिला। कयास लगाए गए कि शायद चूहे ने कोई केबल काट दी है। लेकिन रात 12.15 बजे तक पुलिस को सायरन बजने के कारण का कुछ पता नहीं चल पाया। आखिरकार पीसीआर दस्ता ने सीनियर अधिकारियों को मामले के बारे सूचित किया। जानकारी देते हुए राहगीर सतिंद्र पाल सिंह लवली ने कहा कि वह चौड़ा बाजार से गुजर रहे थे। अचानक इलाहाबाद बैंक से सायरन बजने की आवाज आई। वह एक नागरिक होने के नाते रुक गए। उन्होंने घटना स्थल से तुरंत पुलिस को सूचित किया। लवली ने कहा कि बैंक से सायरन की लगातार आवाज आने से इलाके के लोग भी सहम गए। रात के 12 बजे बैंक बंद होने के कारण सायरन किन कारणों से बजा इसका कुछ पता नहीं चल पा रहा। बैंक में कोई चोरी हुई है या कोई अन्य अप्रिय घटना घटी है। इस संबंधी अभी किसी को कुछ पता नही। लवली ने कहा कि बैंकों में सायरन इसी कारण लगाया जाता है कि यदि कोई बैंक के लॉकरों या अन्य किसी दस्तावेज से छेड़छाड़ करे तो सायरन बज पड़े। लवली ने कहा कि चंद कदमों की दूरी पर थाना कोतवाली है। 15 मिनट से अधिक का समय फोन किए को हो चुका है लेकिन अभी तक कोई पुलिस कर्मी नहीं पहुंचा। राहगीर मनिंद्र सिंह ने कहा कि सायरन की आवाज सुन कर वह बैंक के बाहर रुक गए। लोगों के लाखों रुपए बैंकों में जमा रहते है। पुलिस की लापरवाही है जो बैंक का मौका देखने में इतना समय लगा रहे है। सायरन किन कारणों से बज रहा है यह चिंता का विषय है। बैंक के आस-पास के लोग बताते है कि सायरन रात करीब 11 बजे से ही बज रहा है। कुछ समय पहले पीसीआर दस्ता बैंक के बाहर आया था। बैंक के सामने लगे ATM के बाहर फोटो खिंचवा कर पुलिस कर्मी चले गए। उन लोगों ने सायरन की आवाज को ही अनदेखा कर दिया। राहगीर के पुलिस कंट्रोल पर फोन करने के बाद मौके पर पीसीआर दस्ता नंबर 1 बैंक के बाहर पहुंचा। एएसआई परमजीत सिंह ने कहा कि उन्हें कंट्रोल से सूचना मिली है। फिलहाल मौका देख लिया है। कई बार सेंसर के आगे चूहा या कोई तार कट जाने से भी सायरन बजने लगता है। लेकिन इस मामले के बारे वह सीनियर अधिकारियों को बताएंगे। मौका देख बैंक अधिकारियों को भी सूचित किया जाएगा। खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर जांच कर रही थी।
Bank-Siren-Rang-At-Midnight-In-Chauda-Bazaar-Created-Panic-Police-Took-25-Minutes-To-Cover-Some-Distance