जालंधर | गैंगस्टरों और पुलिस के बीच एनकाउंटर हुआ है। जिसमें 2 बदमाशों को गोली लगी है, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अफसर क्राइम सीन पर रवाना हो गए हैं। यह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बताए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने कहा कि एनकाउंटर नाखा वाले बाग से सटी गुलमोहर कॉलोनी के अंदर हुआ है। ये एरिया थाना भार्गव कैंप के अधीन आता है। उन्होंने कहा कि हमारा मुलाजिम सुरक्षित है। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार CIA की टीम भगौड़ों की सूचना पर रेड करने के लिए गई थी। टीम ने सड़क पर आरोपियों की आई-20 कार को घेरा लिया। इस दौरान ड्राइवर सीट पर बैठे आरोपी ने शीशे के अंदर से पुलिस पर गोली चलाई। गोली पुलिस मुलाजिम की पगड़ी पर लगी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें दोनों गैंगस्टर जख्मी हो गए। पुलिस ने आरोपियों से वेपन और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह दोनों गैंगस्टर मर्डर, सुपारी किलिंग में शामिल हैं। सीआईए इंचार्ज सुरिंदर सिंह कंबोज ने बताया कि आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। आरोपी जालंधर सिटी पुलिस के पास दर्ज कई मामलों में भगौड़े चल रहे थे।
Encounter-Of-Lawrence-Bishnoi-S-Henchmen-2-Gangsters-Shot-After-Cross-Firing-In-Jalandhar-A-Policeman-Also-Injured