लुधियाना। शातिर दिमाग पांच लोगों ने किराए पर एक कोठी लेकर वहां पर फर्जी मिनी स्टॉक एक्सचेंज बना रखा था। वहां पर बैठकर ये लोग भोले भाले लोगों को बातों में फंसा कर शेयर मार्केट में पैसा इन्वेस्ट करवाने और मैच पर सट्टा लगवाने के नाम पर ठगते थे। ऐसे ही अब तक करोड़ों रुपए कमा चुके 5 लोगों को थाना डिवीजन 8 की पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनसे एक करोड़ 94 लाख 37,985 रुपए कैश भी बरामद किए हैं। इसके अलावा ठगी करने में इस्तेमाल 19 मोबाइल, 5 लैपटॉप, एक कंप्यूटर और नोट गिनने वाली दो मशीनें बरामद की गई। आरोपियों की पहचान कुशल कुमार, संदीप सेठी, ओंकार उर्फ हनी, दिनेश कुमार और विवेक कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड लिया गया है। ये कई साल से ठगी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास कई तरह के ऑनलाइन सॉफ्टवेयर थे। इसी सॉफ्टवेयर के जरिए वह आम जनता को अपने जाल में फंसा कर होने वाले क्रिकेट मैच पर सट्टा भी लगवाते थे। लेनदेन नकदी में होता था। ये अपने सॉफ्टवेयर में इस कदर हेरा फेरी करते थे कि ज्यादातर लोग मैच हारते थे। आरोपियों से मोबाइल और लैपटॉप में इन सॉफ्टवेयर को भी रिकवर किया गया है। इन सभी आरोपियों ने भोले भाले लोगों से ठगी करने के लिए गुरु नानक स्टेडियम के पास एक कोठी किराए पर ले रखी थी। उक्त कोठी में मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर रखे हुए थे। यहीं से वह सारे ही गैर कानूनी कामों को अंजाम देते। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस धंधे में अब तक आरोपियों ने करोड़ों रुपए कमाए हैं जो कि लोगों से धोखाधड़ी कर ही कमाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सबसे पहले इस धंधे में शामिल आरोपी ओंकार उर्फ हनी को गिरफ्तार किया गया। उसके बताए गए कारनामों और ठिकानों पर छापामारी कर आरोपी कुशल कुमार और संदीप सेठी को उनके फिरोजगांधी मार्केट स्थित दफ्तर से गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने दो अन्य साथी दिनेश और विवेक का नाम बताया। उक्त दोनों को भी मिलरगंज से गिरफ्तार किया।
Five-Thugs-Arrested-For-Running-Fake-Stock-Exchange-And-Cheating-People-Through-Betting-App-Rs-1-94-Crore-Cash-Recovered