लुधियाना | हल्का उत्तरी से लगातार युवाओं द्वारा नसों में टीके लगाने की वीडियो सामने आ रही हैं। ताजा मामला न्यू कुंदनपुरी का है। जहां पर एक ऑटो में सवार युवक द्वारा अपने हाथ की नस में चिट्टे का टीका लगाने की वीडियो सामने आई है। आए दिन नशे का टीका लगाने की वीडियो सामने आने से सवाल खड़ा हो रहा है कि कहीं न कहीं पुलिस नशा रोकने में नाकामयाब हो रही है। देर रात राहगीर ने ऑटो चालक को नस में टीका लगाते हुए पकड़ा और वीडियो बना ली। इस दौरान ऑटो चालक ने राहगीर से कहा कि वह पंप लगा रहा है। सुबह से पैसे कमा रहा था, अब तोड़ लगी तो टीका लगाया है। न्यू कुंदनपुरी इलाके के लोग नशेड़ियों से परेशान हैं। उनके घरों और दुकानों से सामान चुराकर नशेड़ी नजदीकी पीरू बंदा मोहल्ले से चिट्टा खरीद लाते हैं। एक महीना पहले भी न्यू कुंदनपुरी में लोगों ने नशेड़ी ऑटो चालक को ऑटो में इंजेक्शन लगाते हुए ट्रैप लगाकर पकड़ा था। इलाके में मेडिकल की दुकान चलाने वाले हरीश कुमार ने कहा कि नशेड़ी सुइयांवाला अस्पताल के नजदीक से इंजेक्शन लाकर खाली प्लाट में छिप कर नशा करते हैं। रोजाना बड़ी संख्या में युवक टोलियां बनाकर आते हैं और चिट्टे का खुलकर सेवन करते हैं। यदि कोई इलाका निवासी विरोध करता है तो उस पर जानलेवा हमला तक कर देते हैं। हरीश ने बताया कि इलाके में लगातार चोरियां हो रही थीं। इसी कारण लोग अब खुद नशेड़ियों को पकड़ने में जुट गए हैं। हरीश के मुताबिक कई बार पहले भी उसने कई नशेड़ियों को पुलिस से पकड़वाया, लेकिन कुछ देर बाद पुलिस उन लोगों को छोड़ देती है | शहर में नशेड़ी देर शाम नशा करते हैं और इसके बाद देर रात को इकट्ठे होकर लूट और झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते हैं। इससे यहां क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है तो आम लोगों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। पिछले समय के दौरान यह देखने में आया है कि जितनी भी बड़ी वारदात लूट या झपटमारी की हुई हैं वह नशेड़ियों द्वारा की गई हैं। ADCP रमनदीप सिंह भुल्लर का कहना है कि नशे पर हमारा एक्शन लगातार जारी है। अगर, किसी एरिया में इस तरह से नशा हो रहा है तो जरूर इस पर कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में नशा कर रहे युवक पर जरूर एक्शन लिया जाएगा और हम एरिया में नशा बेचने वालों पर भी सख्ती बरतेंगे।
Driver-Injecting-Drug-While-Sitting-In-Auto-Said-Took-The-Pump-After-Earning-Money-All-Day