लुधियाना। ग्यासपुरा में दिनदहाड़े एक मनी ट्रांसफर कारोबारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने गनपॉइंट पर लूट कर ली। बताया जा रहा है कि बदमाश 70 हजार रुपए लुटकर ले गए। इस मामले की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। मामले की सूचना मिलने पर चौकी ग्यासपुरा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मक्कड़ कॉलोनी के विकास की शिकायत लेकर जांच शुरु कर दी है। विकास ने बताया कि रोजाना की तरह आज भी वह अपनी दुकान विकास टेलीकॉम पर काम कर रहा था। कुछ ग्राहक उसके पास गांव पैसे भेजने के लिए खड़े थे। इस दौरान दो बदमाश आए जिन्होंने उस पर पिस्तौल तान दी। लुटेरों ने उसके साथ धक्का-मुक्की भी की। उसने लुटेरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उस पर गोली चलाने की धमकी दी। विकास के मुताबिक उसने लुटेरों के जाने के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया। ग्यासपुरा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज धमेंद्र सिंह ने कहा कि लूट की वारदात सामने आई है। दुकानदार विकास का बयान दर्ज कर रहे हैं।
Bike-Riding-Miscreants-Looted-Money-Transfer-At-Gunpoint-In-Gyaspura-Ran-Away-With-70-Thousand-Cash