अंबाला। अंबाला में चलते ऑटो से गिरकर युवती की मौत हो गई। युवती अपनी मां के साथ अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर से ऑटो में बैठी थी। मोहाली जाते हुए वह ऑटो से गिर गई। पुलिस ने ऑटो ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिला के फरेंदा गांव की रहने वाली मीरा (23) के रूप में हुई है। मीरा की मां चंदाकली ने बताया कि वह मोहाली के तोगा गांव में किराए पर रहते हैं। वह अपनी बेटी मीरा के साथ शादी के लिए लड़का देखने के लिए यूपी गई थी। शनिवार रात दोनों ट्रेन से अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। यहां से उन्होंने ऑटो (HR37D-4404) किराए पर लिया। रविवार सुबह करीब 4 बजे वे दोनों अंबाला कैंट से तोगा के लिए रवाना हो गए। साइड वाली सीट पर बैठी थी मीरा महिला ने बताया कि वह ऑटो की बीच वाली सीट पर बैठी थी, उसकी बेटी मीरा ऑटो की साइड वाली सीट पर थी। ऑटो में 7/8 अन्य सवारी भी थीं। चालक ऑटो को बड़ी लापरवाही से चला रहा था। जैसे ही ऑटो जग्गी सिटी सेंटर के पास पहुंचा तो उसकी बेटी ऑटो से नीचे गिर गई। उसके चिल्लाने पर ऑटो ड्राइवर ने करीब 100 मीटर दूर जाकर ऑटो रोका। तब तक मीरा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसके माथे और सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। एंबुलेंस के जरिए उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान मीरा की मौत हो गई। बलदेव नगर थाने के ASI रघुबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान पर ऑटो चालक के खिलाफ IPC की धारा 279/304A के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Girl-Dies-After-Falling-From-Moving-Auto-In-Haryana-She-Was-Returning-To-Punjab-After-Seeing-A-Boy-For-Marriage-The-Driver-Did-Not-Stop-Even-When-Her-Mother-Screamed