लुधियाना| लुधियाना बस स्टैंड के नजदीक पंजाब पुलिस की बस ब्रेक फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ड्राइवर का बस से नियंत्रण हट गया, जिसके चलते बस शराब के ठेके से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, शराब ठेके का शटर भी टूट गया। बस में 13 से अधिक पुलिस कर्मी सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में 4 पुलिस कर्मियों को मामूली चोट लगी है। हादसे की सूचना के बाद थाना डिवीजन नंबर 5 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लेने के साथ ही घायल पुलिस कर्मियों की मरहम-पट्टी कराई। थाना डिवीजन नंबर 5 के SHO धर्मपाल चौधरी ने कहा कि हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। पुलिस कर्मचारी चंडीगढ़ से फिरोजपुर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। बस स्टैंड वाला पुल उतरते समय अचानक ब्रेक फेल हो गए। इस कारण यह हादसा हुआ है। बता दें कि इस हादसे में एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पंजाब पुलिस की सिक्योरिटी बस का अगला हिस्सा टूट गया। ठेका संचालक ने देर रात शटर रिपेयर करवाया।
Brakes-Of-Punjab-Police-Bus-Failed-In-Ludhiana-Liquor-Entered-The-Vehicle-4-Police-Personnel-Injured-Were-Going-From-Chandigarh-To-Firozpur