जालंधर। जालंधर सिटी पुलिस ने फर्जी लाइसेंस और अन्य दस्तावेज बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से एक लैपटॉप, दो प्रिंटर, स्टांप पेपर, 159 वाहन बीमा प्रमाणपत्र, 222 वाहन प्रमाणपत्र (क्यूआर कोड के साथ), 57 आरसी की ट्रांसफर फाइलें, 35 पंजीकरण प्रमाणपत्र और 180 आवेदन पत्र सहित अन्य सामान बरामद किया है। आपको बता दें कि थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तहत केस दर्ज किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान उपकार नगर के रहने वाले अरविंद कुमार उर्फ बिंदु पुत्र किशोरी लाल के रूप में हुई है। जिसे जल्द पुलिस कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। एडीसीपी प्रताप सिंह सहोता ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गिरोह फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाण पत्र बनाने में शामिल है। जो शहर के कई लोगों को ठग चुका है। यह पाया गया कि एक व्यक्ति आरटीओ और परिवहन कार्यालय के कर्मचारियों की मदद से यह रैकेट चला रहा था। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। एडीसीपी सहोता ने बताया कि आरोपियों का नेटवर्क पूरे पंजाब में फैला हुआ था। प्राथमिक जांच में अरविंद कुमार का नाम सामने आया तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद अभी फिलहाल पूछताछ जारी है। वहीं, थाना डिवीजन नंबर-8 के एसएचओ संजीव कुमार ने बताया कि फिलहाल आरोपी ने ये नहीं बताया है कि उक्त आरोपी कितने पैसे लेकर सर्टिफिकेट बनाता था।
Gang-Making-Fake-Id-Proof-Caught-In-Punjab-Used-To-Make-Any-Document-In-A-Moment-More-Than-200-Fake-Dl-Rc-And-Documents-Recovered