पटियाला | 24 मार्च को केक खाने से एक बच्ची की मौत हो गई थी। जिसके बाद प्रदेश के सेहत विभाग ने पूरे राज्य में आदेश जारी किए हैं कि समस्त बेकरी कारोबार करने वालों की चेकिंग की जाए। जिस जगह पर केक तैयार किए जा रहे हैं, उसकी भी वीडियो-ग्राफी करके तुरंत रेड टीम अधिकारियों के वॉट्सऐप ग्रुप में डाले। बात करें लुधियाना की तो 2 दिन में अधिकारियों ने 7 बेकरियों पर दबिश देकर चेकिंग की। जानकारी देते हुए जॉइंट कमिश्नर फूड सेफ्टी डॉ. हरजोतपाल सिंह ने कहा कि सोमवार और मंगलवार को राज्य भर में केक के सैंपल भरे गए हैं। लैब से सैंपलों की जो भी रिपोर्ट आएगी, उसके मुताबिक अगली कार्रवाई की जाएगी। बेकरी संचालकों को सफाई रखने के आदेश वणर्नीय है कि मंगलवार को लुधियाना में भी डीएचओ डॉ. रिपुदमन कौर की अगुवाई में फूड टीम द्वारा शहरी इलाकों से केक के 3 सैंपल लिए हैं। डीएचओ ने कहा कि दो दिन में टीम ने सात बेकरियों की चेकिंग की है। अभी तक कुल 6 सैंपल भरे गए हैं। बैकरी संचालकों से अपील है कि खान-पान का सामान तैयार करते समय सफाई रखें। पटियाला में जन्मदिन पर केक खाने से 10 साल की बच्ची की मौत हो गई थी। पुलिस ने कान्हा रेस्टोरेंट के मालिक समेत 4 लोगों पर केस दर्ज कर 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजजीत सिंह, पवन कुमार और विजय कुमार के रूप में हुई है। केक कान्हा रेस्टोरेंट से आया था। केक को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब के लिए भेजा हुआ है। पटियाला की अमन नगर निवासी काजल ने पुलिस को बताया कि 24 मार्च की शाम करीब 6 बजे उन्होंने जोमैटो से केक ऑर्डर किया। साढ़े 6 बजे के करीब केक घर पहुंचा। सवा सात बजे केक काटा गया। केक खाने के बाद मानवी सहित अन्य परिजनों की हालत खराब हो गई थी। सबको उल्टियां हुईं। मानवी की छोटी बहन की भी तबीयत खराब हो गई। दोनों को अस्पताल लेकर गए। अगली सुबह साढ़े 5 बजे अस्पताल में मानवी की मौत हो गई। जबकि, उसकी छोटी बहन को मुश्किल से बचाया गया।
Health-Department-Strict-On-Cake-Makers-6-Samples-Filled-In-2-Days-The-Red-Team-Will-Send-The-Video-To-The-Authorities