चंडीगढ़। मोहाली के कस्बा डेराबस्सी स्थित सैनी फार्म हाउस से पुलिस ने अफीम की खेती पकड़ी है। पुलिस ने यहां से 450 पौधे, 880 डोडे और लाल फूल बरामद किए हैं। इंडस वैली मैदान के पीछे यह फार्म हाउस बना हुआ है। पुलिस ने एएसपी वैभव चौधरी की अगुवाई में गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी हरविंदर सिंह सैनी के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह किसके साथ मिलकर यह अफीम की खेती कर रहा था। पुलिस को अभी की पूछताछ में पता चला है कि इस पर पहले भी एक हत्या का मुकदमा दर्ज है। डेराबस्सी के एएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि उन्हें इस मामले की गुप्त सूचना मिली थी। उन्होंने डेराबस्सी के थाना प्रभारी अजितेश कौशल की टीम को साथ लेकर मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पता चला कि आरोपी ने फार्म हाउस के पिछले हिस्से में यह खेती की हुई थी। अब सभी पौधों को जड़ से निकाल लिया गया है और मामले की जांच चल रही है। अभी कुछ दिन पहले ही चंडीगढ़ पुलिस ने भी इसी तरह के एक मामले का खुलासा किया था। चंडीगढ़ की क्राइम ब्रांच को इसकी सूचना मिली थी। यहां मनीमाजरा स्थित एक नर्सरी के अंदर यह पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने नर्सरी के मालिक और माली के खिलाफ एनडीपीएस की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। अभी यह दोनों आरोपी जेल के अंदर हैं।
Opium-Cultivation-Caught-In-Mohali-450-Opium-Plants-880-Dode-And-Red-Flowers-Recovered-In-Farm-House-Accused-Arrested