खन्ना। ललहेड़ी रोड रेलवे पुल के पास ट्रेन के नीचे आने से दो लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। ये सभी रेलवे लाइनों पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी बीच मालगाड़ी आई तो इन्होंने गाड़ी का हार्न और राहगीरों की आवाजें भी नहीं सुनीं। इसी बीच दो लोग ट्रेन के नीचे आ गए। मृतकों की पहचान आजाद नगर खन्ना के रहने वाले सतपाल (58) और प्रवीण (38) के तौर पर हुई। सतपाल राजमिस्त्री था और प्रवीण उसके साथ मजदूरी करता था। दोनों एक साथ काम करते थे। एक ही मोहल्ले में रहते थे। मृतक प्रवीण के भाई अनिल कुमार ने बताया कि वीरवार सुबह प्रवीण घर से गया तो वापस नहीं लौटा। रात को फोन उठाना भी बंद कर दिया। सतपाल के घर पता किया तो वह भी नहीं मिला। सारी रात परिवार के लोग इन्हें ढूंढते रहे। शुक्रवार सुबह रेलवे लाइनों के पास से पता चला कि गत रात्रि दो व्यक्ति ट्रेन के नीचे आए हैं। उन्होंने रेलवे पुलिस के पास जाकर पता किया तो फोटो से दोनों की पहचान हुई। आसपास के लोगों ने उन्हें बताया कि कुछ लोग रेलवे लाइन पर शराब पी रहे थे। ये सभी डेडिकेटेड फ्रेड कॉरिडोर कारपोरेशन (डीएफसीसी) लाइन, जोकि मालगाड़ियों के लिए स्पेशल बनाई गई है, पर बैठे थे। तभी मालगाड़ी आई तो दो लोगों को चपेट में ले लिया। बाकी तीन ने भागकर जान बचाई। रेलवे की लापरवाही आई सामने जीआरपी खन्ना के प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि वीरवार की रात को एक राहगीर ने रेलवे पुलिस को सूचना दी थी कि ट्रैक पर दो शव पड़े हैं। लापरवाही की बात यह है कि इस हादसे के संबंध में न्यू खन्ना स्टेशन के किसी अधिकारी ने पुलिस को सूचित नहीं किया। जबकि, इस प्रकार के हादसों में गाड़ी का चालक या गार्ड संबंधित स्टेशन मास्टर को सूचित करता है और फिर स्टेशन मास्टर मीमो के माध्यम से रेलवे पुलिस को सूचित करता है। इसके बावजूद जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंच अपनी ड्यूटी निभाई। दोनों शवों की पहचान कराने की कोशिश की। लेकिन पहचान नहीं हो सकी थी। शुक्रवार सुबह जाकर इनकी पहचान हुई। रेलवे पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले किए जाएंगे।
2-Died-After-Being-Hit-By-A-Train-In-Khanna-3-People-Ran-To-Save-Their-Lives-Were-Drinking-Alcohol-On-Railway-Lines