खन्ना | भादला गांव में रिहायशी इलाके में शराब का ठेका खोलने के विरोध में ग्रामीण भड़क उठे। सभी इकट्ठे होकर खन्ना से खेड़ी होते हुए मोरिंडा जाने वाली सड़क पर आए। इन्होंने धरना लगाकर रोड जाम कर दिया। धरना प्रदर्शन में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जहां पर शराब का ठेका खोला जा रहा है वहां पास ही घर हैं। सरकारी स्कूल और आंगनवाड़ी सेंटर भी है। जब बच्चे घरों से निकलकर जाएंगे तो पहले उन्हें शराब के ठेके के आगे से जाना पड़ेगा। इसका बुरा असर पड़ेगा। दूसरी ओर युवतियों और महिलाओं का घरों से बाहर निकलना दूभर हो जाएगा। दिन रात यहां लोग शराब पीकर झगड़ा करेंगे। माहौल तनावपूर्ण बना रहेगा। इसलिए ठेके को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। वहीं जब एक्साइज इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद वे भी मौके पर गए थे। दोनों पक्षों की बातचीत करवाई गई और मसला हल करवा दिया गया। ठेका वहीं खुलेगा।
Protest-Against-The-Sale-Of-Liquor-In-Residential-Areas-Villagers-Blocked-The-Road-Women-Children-And-The-Elderly-All-Came-To-Protest